- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: नड्डी में...
Dharamshala: नड्डी में पेयजल आपूर्ति प्रभावित, जल शक्ति विभाग ने शुरू किया बहाली कार्य

धर्मशाला : नड्डी क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण धर्मशाला टाउन वाटर सप्लाई स्कीम को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली मुख्य ग्रेविटी पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते धर्मशाला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग, धर्मशाला के अधिशासी अभियंता सुमित कटोच ने बताया कि नड्डी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से धर्मशाला शहर को प्रतिदिन करीब 4.40 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लगातार हो रही बारिश के कारण नड्डी क्षेत्र में भूस्खलन होने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है तथा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं आपूर्ति बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। हालांकि, क्षेत्र में लगातार बारिश और जमीन के अस्थिर होने के कारण बहाली कार्य में कुछ समय लग सकता है। विभाग की टीम परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षित तरीके से कार्य को शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि धर्मशाला शहर में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए धार प्लांट के साथ-साथ दाड़ी बाईपास से भी पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। विभाग द्वारा उपलब्ध वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति सामान्य होने तक उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक एवं आवश्यकता के अनुसार उपयोग करें तथा अनावश्यक पानी की खपत से बचें। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति सामान्य होते ही नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उन्होंने पेयजल उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार बारिश एवं भूस्खलन की परिस्थितियों को देखते हुए सभी लोग पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें। विभाग ने आश्वस्त किया है कि बहाली कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।





