हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: नगर निगम चुनाव में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस पिछड़ी : सुधीर शर्मा

Admindelhi1
31 May 2026 4:58 PM IST
Dharamshala: नगर निगम चुनाव में भाजपा का दबदबा, कांग्रेस पिछड़ी : सुधीर शर्मा
x
भाजपा की शानदार जीत पर सुधीर शर्मा ने जताया आभार

शिमला: धर्मशाला नगर निगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार जीत पर भाजपा नेता एवं धर्मशाला के विधायक सुधीर शर्मा ने खुशी जताते हुए इसे प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नीतियों के खिलाफ जनता का स्पष्ट जनादेश बताया है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि नगर निगम की 17 सीटों में से भाजपा ने 11 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत हासिल किया है, जबकि कांग्रेस केवल 5 सीटों पर सिमट गई। एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार विजयी रहा। उन्होंने कहा कि चुनाव परिणाम यह दर्शाते हैं कि धर्मशाला की जनता ने भाजपा की नीतियों और नेतृत्व पर भरोसा जताया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार कर्मचारियों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों और आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने में विफल रही है। जनता की इसी नाराजगी का प्रतिबिंब नगर निगम चुनाव के परिणामों में देखने को मिला है।

सुधीर शर्मा ने कहा कि धर्मशाला की जनता ने विकास, सुशासन और जनहित की राजनीति को समर्थन दिया है। उन्होंने दावा किया कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा संचालित विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं पर जनता की मुहर है।

उन्होंने सभी विजयी भाजपा प्रत्याशियों, पार्टी कार्यकर्ताओं और धर्मशाला की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा नगर निगम में जन अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करते हुए शहर के विकास को नई गति देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।

Next Story