- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- Dharamshala: एसोसिएशन...
Dharamshala: एसोसिएशन ने ट्रैफिक व्यवस्था पर चर्चा की

धर्मशाला: आगामी पर्यटन सीजन में धर्मशाला से मैक्लोडगंज आने वाले पर्यटकों को टैंगल बोर्ड नहीं बल्कि मुख्य मार्ग से ही भेजा जाए। साथ ही मैक्लोडगंज चौक में वाहनों को 15-15 मिनट तक एकतरफा आवाजाही सुनिश्चित की जाए। इस व्यवस्था को पुख्ता तौर पर लागू करने के लिए मैक्लोडगंज में ट्रैफिक चौकी की स्थापना की जाए और जितने भी चोराहे हैं, उनमें पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाए। इसके अलावा भागसूनाग में भी पुलिस चौकी स्थापित की जाए। जिससे कि यहां आने वाले पर्यटकों सहित स्थानीय बाशिंदों को यातायात जाम की समस्या से निजात मिल सके। उपरोक्त सुझाव और मांग होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को अध्यक्ष अश्वनी बांबा के नेतृत्व में पुलिस अधीक्षक कांगड़ा अशोक रत्न से मिलकर उठाई हैं।
एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा सहित अन्य पदाधिकारियों ने पुलिस अधीक्षक के समक्ष साफ किया कि फरसेठगंज से वाया टैंगल बोर्ड मैक्लोडगंज वाहनों को भेजने से यातायात जाम की समस्या ज्यादा बढ़ जाती है। इसलिए सभी वाहनों को राष्ट्रीय राजमार्ग से ही भेजा जाए और मुख्य चौक पर एकतरफा रोटेशन प्रणाली के तहत 15-15 मिनट के लिए वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया है कि वह स्वयं मैक्लोडगंज का निरीक्षण करेंगे और जो भी संभव हो पाएगा इस दिशा में कदम उठाया जाएगा। जिससे कि पर्यटकों सहित स्थानीय बाशिंदों को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।





