हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू

Admindelhi1
25 March 2026 1:43 AM IST
Dharamshala: उत्तरपुस्तिका मूल्यांकन की प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू
x

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश में चल रही दसवीं व बारहवीं कक्षाओं की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन 2 अप्रैल से शुरू किया जाएगा। इसके लिए बोर्ड ने तैयारी कर ली है। वहीं दिसंबर माह में ही बोर्ड की ओर से दोनों कक्षाओं की डेटशीट जारी करने के साथ पूरा शेडयूल तय कर लिया गया था, उसी के तहत बोर्ड का प्रयास है कि 30 अप्रैल तक दसवीं व बारहवीं दोनों कक्षाओं का परीक्षा परिणाम भी घोषित कर दिया जाए।

बोर्ड सचिव डा. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड परीक्षाओं उपरांत उत्तरपुस्तिकाओं के मूल्यांकन हेतू बोर्ड ने तैयारी कर ली है। परीक्षा के बाद उत्तरपुस्तिकाओं को दो चरणों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से शिफ्ट करवाया जाता है। पहले चरण की शिफ्टिंग हो चुकी है तथा इन उत्तरपुस्तिकाओं को मूल्यांकन के लिए बोर्ड के स्तर पर तैयार किया जा रहा है। 2 अप्रैल से उत्तरपुस्तिओं का मूल्यांकन कार्य बोर्ड द्वारा शुरू करवाया जाएगा, इसके लिए बोर्ड ने प्लानिंग कर ली है।

41 सेंटर्स में होगा उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन

बोर्ड सचिव ने बताया कि प्रदेश भर में अलग-अलग जगहों पर 41 स्थल मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। बोर्ड की ओर से इस बार मूल्यांकन हेतू शिक्षकों की डयूटी हेतू शिक्षा विभाग से आग्रह किया गया था, डयूटियां लगाई जा चुकी हैं तथा सूची बोर्ड के पास पहुंच चुकी है। बोर्ड का पूरा प्रयास है कि 30 अप्रैल तक मैट्रिक और जमा दो का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाए।

एकलव्य परीक्षा 29 को

बोर्ड सचिव ने बताया कि एकलव्य परीक्षा का आयोजन प्रदेश भर में 29 मार्च को किया जाएगा, जिसके लिए प्रदेश भर में दस परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे। प्रदेश के जनजातिय क्षेत्रों में तीन एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल चंबा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में हैं। जवाहर नवोदय विद्यालय की तरह ही एकलव्य मॉडल आवासीय स्कूल प्रदेश में केंद्रीय जनजातिय मामले मंत्रालय द्वारा स्थापित किए गए हैं, जो कि विशेष तरह के विद्यालय हैं।

Next Story