हिमाचल प्रदेश

Dharamshala: डॉ. शिवानी कटोच की उपलब्धि, राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा

Admindelhi1
13 Sept 2026 12:17 PM IST
Dharamshala: डॉ. शिवानी कटोच की उपलब्धि, राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा
x
शिवानी कटोच ने राष्ट्रीय सम्मान से बढ़ाया विश्वविद्यालय का मान

धर्मशाला: चौधरी सरवण कुमार हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय, पालमपुर की कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज की पशु पोषण विभाग के प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष डॉ. शिवानी कटोच को पशुधन एवं पशु पोषण के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान, नेतृत्व एवं दीर्घकालीन सेवाओं के लिए प्रतिष्ठित सीएलएफएमए अवार्ड-2026 से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार कम्पाउंड लाइवस्टॉक फीड मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (सीएलएफएमए) ऑफ इंडिया द्वारा प्रदान किया गया।

डॉ. शिवानी कटोच को यह प्रतिष्ठित सम्मान मुंबई में आयोजित 67वें सीएलएफएमए राष्ट्रीय संगोष्ठी के उद्घाटन सत्र के दौरान प्रदान किया गया। संस्था की प्रबंध समिति ने सर्वसम्मति से डॉ. कटोच का चयन पशु पोषण, पशुधन उत्पादकता तथा सतत पशु कृषि के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान और समर्पित सेवाओं को देखते हुए किया।

उधर कॉलेज ऑफ वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज के अधिष्ठाता डॉ. पंकज सूद ने डॉ. शिवानी कटोच को इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान के लिए हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि महाविद्यालय के साथ-साथ विश्वविद्यालय के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने पशु पोषण के क्षेत्र में डॉ. कटोच के शोध एवं शैक्षणिक योगदान, व्यावसायिक प्रतिबद्धता तथा पशुधन क्षेत्र को वैज्ञानिक एवं सतत दृष्टिकोण से सुदृढ़ करने के उनके प्रयासों की सराहना की।

Next Story