हिमाचल प्रदेश

श्रीखंड यात्रा में ऑक्सीजन की कमी के कारण श्रद्धालु की मौत

Shantanu Roy
20 July 2022 9:41 AM GMT
श्रीखंड यात्रा में ऑक्सीजन की कमी के कारण श्रद्धालु की मौत
x
बड़ी खबर

कुल्लू। श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा में भीम डवारी के पास एक श्रद्धालु की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक भीम डवारी के पास श्रद्धालु को सांस की दिक्कत हुई, जिसके बाद उसने दम तोड़ दिया है। बताया जा रहा है कि श्रद्धालु के फेफड़े में पानी भरने के कारण सांस की दिक्कत हुई, जिसके बाद श्रद्धालु की मौत हुई है। एसडीएम मनमोहन सिंह ने कहा कि मृत व्यक्ति की पहचान झारखंड जमशेदपुर के 36 वर्षीय निवासी हरिओम के रूप में हुई है। शव को रैस्क्यू टीम द्वारा सिंहगाड़ लाया जा रहा है। वहीं मृतक के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। 11 जुलाई को श्रीखंड महादेव यात्रा शुरू हुई है तथा अब तक 5 हजार से ज्यादा श्रद्धालु रवाना हो चुके हैं। श्रीखंड महादेव की पहाड़ियों के आसपास अब भी बर्फ मौजूद है और यहां मौसम खराब बना हुआ है लेकिन फिर भी भक्तों का हौसला कम नहीं हुआ है, लगातार लोग यात्रा के लिए पहुंच रहे हैं।

यात्रा के दौरान पार करने पड़ते हैं कई ग्लेशियर
बता दें कि श्रीखंड महादेव पहुंचने के लिए करीब 3 दिन की पैदल यात्रा करनी पड़ती है। अमरनाथ की जैसी यह यात्रा का रास्ता काफी मुश्किल है। रास्ते में कई ग्लेशियर पार करने पड़ते हैं,साथ ही 18570 फीट की ऊंचाई पर ऑक्सीजन की भी कमी रहती है। प्रशासन की ओर से यात्रा के दौरान मेडिकल जांच शिविर लगाए गए हैं, साथ ही पुलिस बल की तैनाती भी की गई है। 18 से 60 वर्ष आयु के लोगों को ही यात्रा करने की इजाजत है। यात्रा का ट्रैक केवल 13 दिन के लिए ही खोला गया है। 24 जुलाई तक आधिकारिक तौर पर यह यात्रा चलेगी। दूसरी तरफ श्रीखंड महादेव कैलाश यात्रा के बागीपुल से जाओं तक जगह-जगह भूस्खलन भी हो रहा है। जाओं गांव से बेस कैंप सिंहगाड़ तक भी पैदल रास्ते में भी मलबा व पत्थर गिर रहे हैं। कुछ यात्रियों ने भाग कर रास्ता पार किया है, इसलिए सभी यात्री दिन में ही यात्रा करें, भूस्खलन वाली जगह पर भीड़ न लगाएं।
Shantanu Roy

Shantanu Roy

    Next Story