हिमाचल प्रदेश

विधानसभा के बाहर जलरक्षकों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की

Shantanu Roy
11 Aug 2022 6:35 AM GMT
विधानसभा के बाहर जलरक्षकों का प्रदर्शन, पुलिस के साथ हुई धक्का-मुक्की
x
बड़ी खबर
शिमला। विधानसभा मानसून सत्र के पहले दिन पहले तो जलरक्षकों ने विधानसभा परिसर के बाहर प्रदर्शन किया लेकिन देर शाम मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के आश्वासन के बाद जलरक्षकों ने आंदोलन समाप्त कर दिया। बुधवार को विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान जलरक्षकों ने चौड़ा मैदान में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान जलरक्षकों और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई। जलरक्षकों ने एक ही नारा लगाया 'हक मिलेगा काम करेंगे वरना पानी बंद करेंगे'।
पुलिस प्रशासन द्वारा भीड़ को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बल तैनात किया था। चारों ओर से बैरिकेडिंग कर जलरक्षकों को घेरा बनाकर रोका था। इस बीच एसडीएम शिमला ग्रामीण निशांत ठाकुर मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से 5 लोगों के नाम की सूची देकर सरकार से बातचीत करवाने का आश्वासन दिया लेकिन प्रदर्शनकारियों ने प्रस्ताव ठुकरा दिया और भड़क गए। इस बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिस बैरिकेड को हटाने के लिए धक्का लगाना शुरू कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मुख्यमंत्री ने किया आश्वस्त, जल्द अनुबंध होगा 8 साल
हिमाचल जलरक्षक महासंघ प्रदेशाध्यक्ष ज्वालू राम ने कहा कि प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आश्वस्त किया है कि अगली कैबिनेट बैठक में अनुबंध कार्यकाल 12 साल घाटकर 8 साल कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद महासंघ ने निर्णय लिया है कि आंदोलन वापस लेंगे और वीरवार से जलरक्षक काम पर लौटेंगे।
Next Story