हिमाचल प्रदेश

700 मीटर दूर मिला शव, आंगन से बच्चे को उठा ले गया था तेंदुआ

Gulabi Jagat
19 April 2023 11:20 AM GMT
700 मीटर दूर मिला शव, आंगन से बच्चे को उठा ले गया था तेंदुआ
x
आनी: कुल्लू जिला के आनी की ग्राम पंचायत बखनाओं के गांव अपर काथला में सोमवार रात एक तेंदुआ घर के आंगन से छह साल के बच्चे को उठा ले गया। बच्चे की चीख पुकार सुनने पर माता-पिता व परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही सभी ग्रामीण एकत्रित हुए और रात भर लापता बच्चे को ढूंढते रहे। मगर अंधेरे में बच्चे का कोई भी सुराग न लग पाने के कारण मंगलवार सुबह खोजबीन तेज की गई। इस दौरान पंचायत प्रधान बॉबी ठाकुर तथा वन विभाग के कर्मचारी भी शामिल रहे। खोजबीन के दौरान घर से 700 मीटर दूर जंगल में बच्चे का शव क्षत विक्षत हालत में मिला। प्रधान बॉबी ठाकुर ने बताया कि सोमवार रात अपर काथला गांव में दीतेंद्र कुमार का छोटा बेटा रोणित खाना खाने के लिए कमरे से किचन की ओर दौड़ा तो, इसी बीच पालतू कुत्ते को घात लगाए बैठे तेंदुए ने रोणित पर हमला बोलकर उसे उठा लिया। तेंदुए की वारदात से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंचा और घटना का जायजा लेकर रिपोर्ट तैयार की।
तेंदुए को पकडऩे के लिए लगाया पिंजरा
वन मंडल अधिकारी चमन लाल भी अपनी टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और इस घटना पर गहरा दु:ख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाया। डीएफओ चमन लाल ने बताया कि तेंदुए को पकडऩे के लिए घटनास्थल के पास जल्द पिंजर लगाया जाएगा। उन्होंने लोगों से सतर्क रहने का आह्वान किया है। आनी के विधायक लोकेंद्र कुमार ने इस घटना पर गहरा दु:ख प्रकट किया है।
Next Story