हिमाचल प्रदेश

एआई व साइबर सुरक्षा के लिए सीयू और गूगल के बीच समझौता प्रस्तावित

Admindelhi1
3 Oct 2026 7:45 AM IST
एआई व साइबर सुरक्षा के लिए सीयू और गूगल के बीच समझौता प्रस्तावित
x
सीयू-गूगल एमओयू से एआई और साइबर सुरक्षा को मिलेगा बढ़ावा

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय अपने शैक्षणिक, अनुसंधान एवं डिजिटल क्षमताओं को सुदृढ़ करने की दिशा में गूगल के साथ प्रस्तावित सहयोग के माध्यम से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा और भविष्य के लिए आवश्यक डिजिटल कौशल पर विशेष रूप से कार्य करेगा। इस संबंध में सीयू के कुलपति प्रो. एस.पी. बंसल और गूगल के वरिष्ठ प्रतिनिधियों के बीच गुरुग्राम में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं एंटरप्राइज आवश्यकताओं को मजबूत करने तथा डिजिटल समाधानों के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा हुई। प्रस्तावित साझेदारी के माध्यम से शिक्षण एवं अधिगम, परीक्षाओं, वित्तीय प्रबंधन, अनुसंधान और नवाचार सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न महत्वपूर्ण कार्यों में डिजिटल परिवर्तन को गति देने की संभावनाओं पर विचार किया गया।

प्रो. बंसल ने कहा कि प्रस्तावित सहयोग सीयू में एआई शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और कौशल विकास के मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा। उन्होंने कहा कि इस साझेदारी के माध्यम से विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सुरक्षा तथा अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में आधारभूत एवं उन्नत दक्षताएं प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे। प्रो. बंसल ने कहा, “प्रस्तावित एमओयू विश्वविद्यालय के उन प्रयासों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, जिनका उद्देश्य श्रेष्ठ एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और शिक्षकों को आकर्षित करना तथा भविष्य के नेतृत्वकर्ता और नवप्रवर्तक तैयार करना है।

उन्होंने उद्योग के सहयोग से एआई, क्लाउड कंप्यूटिंग तथा अन्य उभरती प्रौद्योगिकियों में अल्पकालिक एवं आवश्यकता-आधारित पाठ्यक्रम शुरू करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया, ताकि विद्यार्थियों के कौशल, रोजगार क्षमता और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप उनकी तैयारी को और मजबूत किया जा सके। प्रो. बंसल ने कहा कि एआई हमारे सीखने, पढ़ाने और अनुसंधान करने के तरीके को बदल रहा है। सीयू अपने विद्यार्थियों और शिक्षकों को इस परिवर्तन के लिए तैयार करने के लिए सार्थक अधिगम, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के व्यावहारिक उपयोग के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

Next Story