हिमाचल प्रदेश

शामती में पहाड़ी व मकानों में आईं दरारें, प्रशासन ने 20 मकान करवाए खाली

Shantanu Roy
12 July 2023 10:21 AM GMT
शामती में पहाड़ी व मकानों में आईं दरारें, प्रशासन ने 20 मकान करवाए खाली
x
सोलन। उम्र भर की मेहनत की कमाई जोड़कर बनाए गए आशियानों को 4 दिन चली भारी बरसात ने खाली करने को मजबूर कर दिया। अब अचानक नया ठिकाना कैसे ढूंढेंगे, यह चिंता शामती के लोगों को सता रही है। शामती की पहाड़ी और मकानों के पास आईं दरारों से लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। मंगलवार को दोपहर बाद प्रशासन की टीम ने क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान एडीसी अजय यादव व खनन अधिकारी दिनेश कुमार मौके पर मौजूद रहे और लोगों को मकान खाली करने के निर्देश दिए। शामती में सुबह से लोग अफरा-तफरी में सामान इधर-उधर ले जा रहे थे। मकानों को हो रहे खतरे को भांपते हुए यहां बसे करीब 20 परिवारों ने पलायन करना ही बेहतर समझा।
कुछ लोग अपने रिश्तेदारों व जानकारों के घरों में शरण ले रहे हैं तो कुछ आशियाने की तलाश कर रहे हैं। स्थानीय व्यक्ति छज्जू राम ने बताया कि वर्षों की मेहनत से पैसा जोड़कर उसने मकान बनाया है। उसके साथ कुछ अन्य लोग भी मकान में किराए पर रहते हैं। अब पहाड़ी के साथ मकानों के आसपास भी दरारें आ रही हैं। अब प्रशासन ने भी मकानों को खाली करने के लिए कह दिया है। शामती की रेणु ने बताया कि उसने यहां फ्लैट लिया था लेकिन भवन में दरारें आने के कारण उन्हें इसे खाली करना पड़ रहा है। उनके साथ वाले फ्लैट से तो टूटने की आवाजें आ रही हैं, जिससे यहां के लोग भयभीत हैं और मकानों को खाली करने में लगे हुए हैं। एडीसी सोलन अजय यादव ने बताया कि शामती बाजार के ऊपर की ओर पहाड़ी व घरों में दरारें आ रही हैं। मैंने स्वयं इसका जायजा लिया है। यहां जिन 15-20 मकानों को खतरा है, उन्हें खाली करने के लिए कहा गया है। लोग यहां से दूसरी जगह शिफ्ट हो जाएं। जिनके पास कोई व्यवस्था नहीं है, उनके लिए प्रशासन द्वारा ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
Next Story