हिमाचल प्रदेश

मंडी के सेरी चांदनी में माकपा कार्यकर्ताओं का धरना

Admindelhi1
29 Sept 2026 4:28 PM IST
मंडी के सेरी चांदनी में माकपा कार्यकर्ताओं का धरना
x
मंडी में माकपा का धरना, सेरी चांदनी में जुटे कार्यकर्ता

मंडी: भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की लोकल कमेटी सदर ने मंगलवार को सेरी चांदनी में धरना-प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन वामपंथी दलों के देशव्यापी आह्वान पर 26 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे विरोध प्रदर्शन के तहत किया गया।

माकपा नेताओं ने इंडियन एक्सप्रेस में 23 सितंबर को प्रकाशित रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने मतदाता पंजीकरण, नाम हटाने तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) से जुड़े फैसलों पर कई अवसरों पर आपत्तियां दर्ज की हैं।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता डेटाबेस के केंद्रीकरण और राज्य तथा निर्वाचन क्षेत्र स्तर के अधिकारियों की पहुंच सीमित किए जाने को लेकर भी गंभीर सवाल उठे हैं। उन्होंने गोवा में सॉफ्टवेयर संबंधी पाबंदियों का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे कथित तौर पर 97 मतदाताओं के संबंध में निर्णय दर्ज करने में अधिकारी को कठिनाई हुई।

माकपा ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने, एसआईआर प्रक्रिया रोकने और गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाए गए लोगों के मतदान अधिकार बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन में लोकल सचिव सुरेश सरवाल, जोगिंदर वालिया, राजेश शर्मा, वीना वैद्य, रमेश गुलरिया सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Next Story