हिमाचल प्रदेश

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के संकल्प के विपरीत स्कूलों को धड़ाधड़ बंद कर रही सरकार: भाजपा

Shantanu Roy
6 July 2023 9:51 AM GMT
स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के संकल्प के विपरीत स्कूलों को धड़ाधड़ बंद कर रही सरकार: भाजपा
x
शिमला। पूर्व मंत्री डाॅ. राजीव सहजल एवं विधायक सुखराम चौधरी ने कहा है कि सुखविंदर सिंह के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह के संकल्प के विपरीत स्कूलों को धड़ाधड़ बंद कर रही है। दोनों नेताओं ने यहां जारी संयुक्त बयान में कहा कि वर्तमान सरकार अब तक 1000 संस्थान बंद कर चुकी है, जो अलोकतांत्रिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि सत्ता पक्ष के विधायकों तथा कांग्रेस नेताओं को इलाके में मुंह दिखाना मुश्किल हो गया है क्योंकि कई जगह स्कूल, अस्पताल, तहसीलें, डिस्पैंसरी और पटवार सर्कल सहित अन्य संस्थान बंद कर दिए गए हैं। भाजपा नेताओं ने शिक्षा मंत्री के उस बयान पर भी कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने स्कूलों को बंद करने और युक्तिकरण को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह कहा करते थे कि वह 2 बच्चों के लिए भी स्कूल खोलेंगे लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार उनकी परम्परा के विपरीत काम कर रही है। डाॅ. राजीव सहजल व सुखराम चौधरी ने आरोप लगाया कि सरकार और कांग्रेस संगठन में जो द्वंद्व युद्ध चल रहा है, उस कारण प्रदेश की जनता पिस रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार न तो जनता को दी गई 10 गारंटियों को पूरा कर रही है और न ही पूर्व भाजपा सरकार की तरफ से जनता की मांग पर खोले गए संस्थानों को चला रही है।
Next Story