हिमाचल प्रदेश

नादौन पंचायत समिति में कांग्रेस की रीना देवी बनीं अध्यक्ष, भाजपा को मिला उपाध्यक्ष पद

Admindelhi1
27 Nov 2026 11:54 AM IST
नादौन पंचायत समिति में कांग्रेस की रीना देवी बनीं अध्यक्ष, भाजपा को मिला उपाध्यक्ष पद
x
मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र नादौन में दिलचस्प मुकाबला, एक वोट से जीते विजय अतुल

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में करीब सात महीने के इंतजार के बाद पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव संपन्न हुआ। गुरुवार को हुए निर्वाचन में कांग्रेस और भाजपा समर्थित उम्मीदवारों ने एक-एक पद पर जीत दर्ज की।

महिला अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित अध्यक्ष पद पर कांग्रेस समर्थित रीना देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। वहीं, उपाध्यक्ष पद के लिए हुए मुकाबले में भाजपा समर्थित विजय अतुल ने कांग्रेस समर्थित केवल कृष्ण को एक वोट से पराजित किया। कुल 27 सदस्यों में से विजय अतुल को 14 और केवल कृष्ण को 13 मत प्राप्त हुए।

चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद दोनों दलों के समर्थकों ने अपनी-अपनी जीत का जश्न मनाया। ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पृथ्वी चंद ने रीना देवी को बधाई दी, जबकि पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री ने विजय अतुल की जीत पर खुशी जताई।

अग्निहोत्री ने कांग्रेस पर भाजपा समर्थित महिला सदस्य को दबाव में पाला बदलने के लिए मजबूर करने का आरोप भी लगाया। सात महीने बाद पंचायत समिति को नया नेतृत्व मिलने से क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी आने की उम्मीद है।

Next Story