हिमाचल प्रदेश

विधानसभा के मानसून सत्र में ओपीएस को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस: मुकेश अग्निहोत्री

Gulabi Jagat
9 Aug 2022 5:31 PM GMT
विधानसभा के मानसून सत्र में ओपीएस को मुद्दा बनाएगी कांग्रेस: मुकेश अग्निहोत्री
x
मुकेश अग्निहोत्री
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र कल बुधवार को शुरू होने जा रहा है। जयराम सरकार का आखिरी विधानसभा सत्र होने के चलते सत्र हंगामेदार रहने के आसार हैं। हर विधायक अपने क्षेत्र की बात रखने के साथ चुनाव माहौल भी बनाएंगे। विधानसभा सत्र के साथ चुनावी राजनीति चरम पर पहुंचेगी। हिमाचल प्रदेश में इसी वर्ष के अंत में चुनाव होने हैं। विधानसभा सत्र शुरू होने से एक दिन पहले मंगलवार को शिमला में सर्वदलीय बैठक का आयोजन किया गया। सर्वदलीय बैठक में संसदीय कार्यमंत्री सुरेश भारद्वाज, विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री, मुख्य सचेतक बिक्रम सिंह जरयाल और माकपा विधायक राकेश सिंघा मौजूद थे।
सर्वदलीय बैठक के बाद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ओपीएस के मामले में विपक्ष सदन में और सदन के बाहर सरकार को घेरेगा। सरकार ने सत्ता में रहते हुए कर्मचारियों से धोखा किया है। सरकार कर्मचारी विरोधी है। उन्होंने कहा बेरोजगारों, किसानों की उपेक्षा और अन्य ज्वलंत मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछेगी। उन्होंने कहा कि आज शाम को कांग्रेस विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें रणनीति बनाई जाएगी। वहीं, माकपा विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि जयराम सरकार ने कर्मचारियों के आंदोलनों को नजरअंदाज किया है। किसान-बागवानों की सुनवाई नहीं हुई। संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा विपक्ष के हर सवाल का जवाब दिया जाएगा। सरकार ने हर वर्ग के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम किया है। उन्होंने कहा विपक्ष जिस तरह के सवाल उठाएगा, उसका जवाब दिया जाएगा।
विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने सर्वदलीय बैठक में दोनों पक्षों से सदन के संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा जन कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होनी चाहिए, ताकि लोगों की समस्याओं का समाधान हो सके। वह अपने दायित्व के बारे में पूरी तरह वाकिफ है तथा उनका सभी सदस्यों से अनुरोध रहेगा कि वे सत्र के संचालन में अपना भरपूर सहयोग दें व सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े मुददों को उठाने के लिए करें। उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के मन्दिर हैं और हिप्र विधानसभा की अपनी एक उच्च परम्परा तथा गरिमा है। उन्होंने सभी सदस्यों से अनुरोध किया कि वे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा में भाग लें तथा मंथन से हल निकालने का प्रयास करें।
Next Story