हिमाचल प्रदेश

कांग्रेस ने 3 माह में 6 हजार करोड़ रुपए कर्ज लेकर तोड़े रिकॉर्ड: जयराम ठाकुर

Shantanu Roy
10 April 2023 9:47 AM GMT
कांग्रेस ने 3 माह में 6 हजार करोड़ रुपए कर्ज लेकर तोड़े रिकॉर्ड: जयराम ठाकुर
x
नूरपुर। भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की 2 दिवसीय बैठक का शुभारंभ रविवार को कंडवाल (नूरपुर) में हुआ। इसका शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया। इस बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने की। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने महिलाओं के साथ बहुत बड़ा छल किया है। कांग्रेस ने चुनावों में 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वायदा किया था, जिसे पूरा नहीं किया। कांग्रेस ने अपना यह चुनावी वायदा पूरा न कर महिलाओं का एक प्रकार से अपमान किया है। जयराम ने कहा कि राज्य मेंI 18 से 60 आयु वर्ष की महिलाओं की संख्या लगभग 22 लाख है जबकि कांग्रेस सरकार ने इस बजट सत्र में लगभग 2 लाख 31 हजार महिलाओं को गारंटी के हिसाब से पैसे देंगे। यह मातृ शक्ति के साथ अपमान है। उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में नाकाम रही है। ओल्ड पैंशन के बारे कहा कि इस बारे सरकार ने स्थिति स्पष्ट नहीं है।
कर्ज बारे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि हमने अपनी सरकार के समय एक वर्ष में लगभग 4 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया और 5 वर्ष में लगभग 20 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लिया जबकि कांग्रेस सरकार ने 3 माह में ही 6 हजार करोड़ रुपए का कर्ज लेकर रिकॉर्ड तोड़े हैं। वहीं भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष रश्मि धर सूद ने बताया कि नूरपुर के कंडवाल में प्रदेश महिला मोर्चा की 2 दिवसीय कार्यसमिति बैठक का पहला दिन है जिसका शुभारंभ नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने किया है और इसका समापन सोमवार को होगा। बैठक में प्रदेश भाजपा के महामंत्री त्रिलोक कपूर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार, नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का, पूर्व विधायक राजेश ठाकुर, रीता धीमान, विशाल नैहरिया, कांगड़ा-चम्बा के प्रभारी डा. राजीव भारद्वाज, भाजपा नेता राहुल पठानिया सहित प्रदेश महिला मोर्चा की वरिष्ठ उपाध्यक्ष शोभा डढवाल, महामंत्री मंचली ठाकुर व भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के अध्यक्ष रमेश राणा सहित अन्य पदाधिकारी व सदस्य मौजूद रहे।
Next Story