हिमाचल प्रदेश

कुत्तों के हमले में घायल बच्ची के लिए मुआवजा मांगा

Admindelhi1
28 Sept 2026 3:18 PM IST
कुत्तों के हमले में घायल बच्ची के लिए मुआवजा मांगा
x
कुत्तों के हमले की पीड़िता को मुआवजा देने की मांग

शिमला: शिमला शहर के शांकली में कुत्तों के हमले में घायल हुई दो वर्षीय बच्ची के इलाज का पूरा खर्च नगर निगम द्वारा उठाने और उसके परिवार को दो लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की गई है। शिमला नागरिक सभा का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को अध्यक्ष जगमोहन ठाकुर की अध्यक्षता में नगर निगम उपायुक्त भुवन शर्मा से मिला और इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।

नागरिक सभा ने कहा कि बच्ची अभी उपचाराधीन है। परिवार को बच्ची की हालत को लेकर मानसिक परेशानी के साथ इलाज के खर्च का भी सामना करना पड़ रहा है। सभा ने मांग की कि बच्ची के उपचार में अब तक खर्च हुई राशि और आगे होने वाले इलाज का पूरा खर्च नगर निगम वहन करे। सभा ने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण बच्ची को कुत्तों के हमले का सामना करना पड़ा है, इसलिए इलाज का आर्थिक बोझ परिवार पर नहीं डाला जाना चाहिए।

सभा ने मांग की कि 29 सितंबर को होने वाली नगर निगम हाउस की बैठक में इस मामले को विशेष रूप से एजेंडे में शामिल किया जाए। बैठक में बच्ची के निःशुल्क उपचार और उसके परिवार को दो लाख रुपये मुआवजा देने का प्रस्ताव पारित करने की मांग की गई है।

शिमला नागरिक सभा ने शहर में आक्रामक और खतरनाक कुत्तों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग भी की। इसके साथ ही विशेष एबीसी और रेबीज टीकाकरण अभियान चलाने, कम से कम पांच प्रभावी एबीसी सेंटर स्थापित करने और नियमों के अनुसार निर्धारित फीडिंग प्वाइंट बनाने की मांग की गई। सभा ने कहा कि शिमला में कुत्तों और बंदरों के बढ़ते आतंक से लोगों में भय का माहौल है। नगर निगम को इस मामले में केवल आश्वासन देने के बजाय समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए।

सभा के सचिव विवेक कश्यप ने कहा कि यदि बच्ची का पूरा इलाज निःशुल्क नहीं किया गया और उसके परिवार को दो लाख रुपये मुआवजा नहीं दिया गया, तो शिमला नागरिक सभा आम जनता को साथ लेकर नगर निगम के खिलाफ आंदोलन करेगी।

Next Story