हिमाचल प्रदेश

गिरी नदी का होगा तटीयकरण, 71 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति करवाई जाएगी: महेंद्र सिंह ठाकुर

Admin Delhi 1
10 Sep 2022 1:33 PM GMT
गिरी नदी का होगा तटीयकरण, 71 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति करवाई जाएगी: महेंद्र सिंह ठाकुर
x

नाहन न्यूज़: जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में गिरी नदी के दोनों ओर तटीयकरण के लिए लगभग 71 करोड़ रुपए की राशि की स्वीकृति करवाई जाएगी। जिससे 3000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। जल शक्ति मंत्री ने शनिवार को पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अजौली के गांव नारीवाला में 10.22 करोड़ रुपए की लागत से 7 इंच के 160 ट्यूबवेल का विधिवत रूप से शिलान्यास किया। जिससे क्षेत्र की 874 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यमुना नदी किनारे बाढ़ नियंत्रण के लिए 250 करोड़ की योजना के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए की पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में किसानों की भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए 2000-2000 हेक्टेयर भूमि के हिसाब से विस्तृत कार्य योजना तैयार कर स्वीकृति हेतु भेजें ताकि किसानों को मौसम आधारित वर्षा पर निर्भर न रहना पड़े।

उन्होंने इस क्षेत्र के लिए 50 हैंडपंप का काम जल्द शुरू करवाने के निर्देश दिए। 100 ट्यूबवेल लगाने के लिए विस्तृत कार्य योजना जल्दी तैयार करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने करतारपुर के लोगों की पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के लिए ओवरहेड टैंक बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र किसानों का क्षेत्र है और इस वर्ष बारिश की कमी से धान की फसल में हुए नुकसान के आंकलन के लिए गिरदावरी करवाई जा रही है और रिपोर्ट प्राप्त होते ही किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

इस अवसर पर ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, उपाध्यक्ष जिला परिषद अंजना शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष हितेंद्र कुमार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद गुप्ता, अध्यक्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा पांवटा साहिब चरणजीत चौधरी, सदस्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड राहुल चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवेन्द्र चौधरी, सचिव OBC मोर्चा हिमाचल प्रदेश सुभाष चौधरी, महामंत्री पांवटा भाजपा मंडल देवराज चौहान, पूर्व पंचायत समिति अध्यक्ष रमेश तोमर, जिला युवा मोर्चा अध्यक्ष पवन चौधरी, पूर्व जिला परिषद सदस्य अजय मेहता, जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शिवानी वर्मा, जिला अध्यक्ष अल्पसंख्यक मोर्चा शमशाद अली, प्रदेश महामंत्री आरिफ अली, महामंत्री भाजपा राकेश महरालू, मुख्य अभियंता अंजू, तहसीलदार वेद प्रकाश अग्निहोत्री, अधीक्षण अभियंता जल शक्ति विभाग विशाल जसवाल, अधिशासी अभियंता विद्युत बोर्ड अजय चौधरी, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग के.एल. चौधरी, अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग अरशद अहमद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Next Story