हिमाचल प्रदेश

CM ने कुल्लू और मंडी में हवाई सर्वेक्षण करके लिया बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा

Shantanu Roy
12 July 2023 10:15 AM GMT
CM ने कुल्लू और मंडी में हवाई सर्वेक्षण करके लिया बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा
x
कुल्लू। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जिला कुल्लू और मंडी में बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई दौरा किया तथा भुंतर एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ बैठक की। कुल्लू परिधि गृह में भी उन्होंने अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। 3 दिनों में हुई भारी बारिश से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करके उन्होंने अधिकारियों से सारी जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कुल्लू जिला के भुंतर, सैंज, कसोल तथा खीर गंगा सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का दौरा भी किया। जंगलों के ऊपर से हैलीकाप्टर से उन्होंने इस बात की भी टोह ली कि कहीं जंगल में ट्रैकर व पर्यटक न फंसे हों।
सैंज में बाढ़ प्रभावित लोगों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने जानमाल के नुक्सान पर संवेदनाएं व्यक्त करते हुए आश्वस्त किया कि प्रदेश सरकार प्रभावितों को हरसंभव सहायता उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने क्षेत्र के लिए एक करोड़ रुपए की त्वरित राहत राशि जारी करने की भी घोषणा की तथा कहा कि क्षेत्र में फंसे पर्यटकों एवं स्थानीय नागरिकों को सुरक्षित निकलाने के लिए बचाव अभियान निरंतर जारी है और इसके लिए 6 हैलीकॉप्टर उपलब्ध करवाए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैंज क्षेत्र में बेहतर सम्पर्क सुविधा के लिए स्थानीय पुलिस प्रशासन को मौके पर ही 2 सैटेलाइट फोन भी उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने कहा कि बाढ़ से सम्पर्क व्यवस्था बुरी तरह से प्रभावित हुई है और प्रदेश सरकार इसे बहाल करने के लिए त्वरित एवं ठोस कदम उठा रही है।
भुंतर हवाई अड्डे पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुल्लू जिला में शीघ्रातिशीघ्र विद्युत आपूर्ति बहाल करने के प्रयास जारी हैं। इसके बहाल होते ही पेजयल आपूॢत योजनाओं को भी क्रियाशील कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी और मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी मंडी जिला में हुए नुक्सान का जायजा लेने के लिए प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और प्रदेश सरकार प्रभावितों को हरसंभव मदद प्रदान करने की दिशा में सक्रियता के साथ कार्य कर रही है। विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों को निकालने के लिए हवाई सेवाएं आरम्भ कर दी गई हैं और फंसे हुए शेष लोगों तक सभी आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है।
Next Story