हिमाचल प्रदेश

मनोहर हत्याकांड को लेकर CM सुखविंदर सिंह ने BJP पर साधा निशाना

Shantanu Roy
18 Jun 2023 11:09 AM GMT
मनोहर हत्याकांड को लेकर CM सुखविंदर सिंह ने BJP पर साधा निशाना
x
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा की तरफ से चम्बा जिले के भांदल गांव में हुए मनोहर हत्याकांड के आरोपियों के मकान जलाए गए हैं। उन्होंने कहा कि यह देश में पहला मामला है, जहां आरोपी जेल में है पर विपक्षी भाजपा प्रदर्शन कर रही है। सुखविंदर सिंह यहां पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि सरकार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर हत्यारे व उसके परिवार के सदस्यों को जेल की सलाखों के पीछे भेजा। इतना ही नहीं, इस मामले में आरोपी के परिवार की बेटियों तक को गिरफ्तार किया गया है और सरकार अपराध करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शेगी नहीं। सुखविंदर सिंह ने कहा कि भाजपा को वर्ष 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ना है।
राजनीति हो रही है। यह हिमाचल की जनता तय करेगी कि लोकसभा चुनाव में किसके पक्ष में जनादेश आएगा, ऐसे में बेहतर होता कि भाजपा हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई लड़ती। राज्य के अधिकारों की इस लड़ाई में कांग्रेस पार्टी भी उसका साथ देती। उन्होंने कहा कि भाजपा को वाटर सैस लगाने एवं पावर प्रोजैक्ट रॉयल्टी के मुद्दे पर सरकार का साथ देना चाहिए। सुखविंदर सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल को पुलिस ने पीड़ित परिवार से मिलने से नहीं रोका। पुलिस की तरफ से यह कहा गया कि जब धारा-144 लगी है तो 5 से 10 लोग जा सकते हैं, ऐसे में 200 या 250 लोगों को एक साथ जाने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा यदि सरकार से बात करना चाहती है, तो उसके लिए सचिवालय के दरवाजे खुले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास यही है कि हर तरफ शांति हो और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।
Next Story