हिमाचल प्रदेश

CM सुक्खू की पंजाब के सीएम मान के साथ तीन मसलों पर विस्तृत चर्चा, वाटर सेस पर पंजाब संग कमेटी बनाएगा हिमाचल

Gulabi Jagat
30 March 2023 3:04 PM GMT
CM सुक्खू की पंजाब के सीएम मान के साथ तीन मसलों पर विस्तृत चर्चा, वाटर सेस पर पंजाब संग कमेटी बनाएगा हिमाचल
x
शिमला, चंडीगढ़: वाटर सेस को लेकर हिमाचल और पंजाब में चल रही तनातनी के बीच दोनों प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने बुधवार को चंडीगढ़ में इसे लेकर चर्चा की। इस बैठक में तय किया गया कि वाटर सेस सहित विभिन्न जलविद्युत परियोजनाओं के विषय में समुचित विचार-विमर्श के लिए दोनों राज्यों के मुख्य सचिव तथा ऊर्जा सचिव की एक समिति गठित की जाएगी। यह समिति हर पखवाड़े बैठक करेगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि राज्यों में कोई झगड़ा न हो। समिति विभिन्न विषयों पर बातचीत कर मामलों को समयबद्ध निपटाएगी।
समिति भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड की परियोजनाओं पर भी चर्चा करेगी। वाटर सेस के हिमाचल सरकार के फैसले के खिलाफ पंजाब विधानसभा में प्रस्ताव पारित होने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के बीच यह पहली मुलाकात थी। बैठक के उपरांत पंजाब के मुख्यमंत्री के साथ संयुक्त पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल और पंजाब के मध्य सदैव मधुर संबंध रहे हैं और इन दोनों ही राज्यों की साझा सांस्कृतिक विरासत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में जलविद्युत परियोजनाओं पर वाटर सेस सहित भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (बीबीएमबी) और शानन जलविद्युत परियोजना तथा पर्यटन की विभिन्न परियोजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। सुक्खू ने कहा कि जल उपकर के विषय में इस बैठक में पुन: कुछ भ्रांतियों का निवारण किया गया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश द्वारा लगाया जाने वाला जल उपकर, जल पर नहीं, अपितु प्रदेश में कार्यरत जलविद्युत परियोजनाओं पर लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस जल उपकर से पंजाब तथा हरियाणा को कोई नुकसान नहीं होगा। शिमला पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया के सवालों के जवाब के समय इस मुलाकात के कारण भी बताया। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बैठक में तीन प्रमुख मामलों पर चर्चा हुई है। पहला मामला वाटर सेस का है। दूसरा शानन प्रोजेक्ट का और तीसरा टूरिज्म से संबंधित परियोजनाओं का।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि बैठक में शानन परियोजना के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की गई। 110 मेगावाट की शानन परियोजना कि 99 वर्ष की लीज वर्ष 2024 में समाप्त हो रही है। बैठक में इस परियोजना के भविष्य के कार्यान्वयन के संबंध में विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के साथ श्री आनंदपुर साहिब और माता नयना देवी के मध्य रोप-वे के संबंध में भी विस्तृत चर्चा की। सुक्खू ने पंजाब के मुख्यमंत्री को हिमाचल आने का न्योता दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि बैठक में जल उपकर एवं विभिन्न जल परियोजनाओं सहित हिमाचल प्रदेश में धार्मिक पर्यटन के विषय पर विस्तृत बातचीत हुई। हिमाचल एवं पंजाब भविष्य में धार्मिक पर्यटन की विभिन्न साझा परियोजनाओं पर एक साथ कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि जल उपकर के विषय में हिमाचल के मुख्यमंत्री ने उन्हें विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने इस क्षेत्र में पर्यटन की संभावनाओं पर भी जोर देते हुए कहा कि पर्यटन की सुविधा के लिए संयुक्त रूप से काम करना दोनों राज्यों के हित में है। मुख्यमंत्री ने बिजली क्षेत्र में भी दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग की मांग की। हिमाचल प्रदेश पीक सीजन में अपनी अतिरिक्त बिजली पंजाब को बेच सकता है। भगवंत मान ने कहा कि इससे राज्य में धान के मौसम में बिजली की समस्या को दूर करने में काफी मदद मिलेगी। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी गुरप्रीत कौर, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार, मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान, मुख्यमंत्री के आईटी सलाहकार गोकुल बुटेल, मुख्यमंत्री के प्रधान निजी सचिव विवेक भाटिया तथा पंजाब सरकार के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
Next Story