हिमाचल प्रदेश

सीएम जयराम के अचानक सीने में दर्द, एम्स में एडमिट, बढ़ गया था ब्लड प्रेशर, सभी कार्यक्रम किए गए रद्द

Renuka Sahu
19 Feb 2022 4:41 AM GMT
सीएम जयराम के अचानक सीने में दर्द, एम्स में एडमिट, बढ़ गया था ब्लड प्रेशर, सभी कार्यक्रम किए गए रद्द
x

फाइल फोटो 

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अचानक सीने में दर्द और ब्लड प्रेशर बढऩे की शिकायत पेश आई है, इस कारण वह जांच के लिए एम्स दिल्ली में एडमिट हो गए हैं।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को अचानक सीने में दर्द और ब्लड प्रेशर बढऩे की शिकायत पेश आई है, इस कारण वह जांच के लिए एम्स दिल्ली में एडमिट हो गए हैं। गुरुवार देर रात करीब 11 बजे मुख्यमंत्री की अचानक तबीयत खराब हो गई और इसके बाद वह आईजीएमसी पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उनकी सामान्य जांच की। इसके बाद करीब दो घंटे तक वह चिकित्सकों की निगरानी में रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ पाया गया। देर रात एक बजे चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को सामान्य बताते हुए वापसी की सलाह दे दी। इसके बाद मुख्यमंत्री शुक्रवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दोबारा आईजीएमसी पहुंचे और यहां एक बार फिर चिकित्सकों ने उनकी जांच की। मुख्यमंत्री के सभी शुरुआती परीक्षण सामान्य पाए गए, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें दिल्ली में एम्स में जांच करवाने की सलाह दी।

इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर को शिमला से दिल्ली रवाना हो गए और एम्स में उन्हें एडमिट किया गया है। हालांकि इस बीच मुख्यमंत्री ने मंडी कालेज में प्रस्तावित कार्यक्रम में ऑनलाइन हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री की तबीयत खराब होने के बाद दिन भर के कार्यक्रमों को टाल दिया गया है। मुख्यमंत्री का दौरा हमीरपुर और मंडी कालेज के लिए प्रस्तावित था। मुख्यमंत्री को सुबह नौ बजकर 50 मिनट पर मंडी जाना था और इसके बाद मंडी में कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद दोपहर बाद तीन बजे हमीरपुर रवाना होना था।
यहां लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह भोरंज में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित था। इसके अलावा मुख्यमंत्री को डॉक्टरों की हड़ताल का भी समाधान करना था और इसके लिए बैठक का समय तय कर दिया गया था। लेकिन यह बैठक भी अब आयोजित नहीं हो पाई है। मुख्यमंत्री के बीमार होने की भनक लगते ही पूरे प्रदेश भर में लोग उनकी सलामती के लिए दुआ भी करते नजर आए। मुख्यमंत्री की तबीयत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। अपने उपचार के दौरान उनका शुक्रवार को रात्रि विश्राम दिल्ली में ही होगा।
Next Story