हिमाचल प्रदेश

CM जयराम ठाकुर बोले- यूपी, उत्तराखंड की तरह हिमाचल में भी दोबारा बनाएंगे सरकार, AAP के लिए कोई स्‍थान नहीं

Kunti Dhruw
27 May 2022 7:03 AM GMT
CM जयराम ठाकुर बोले- यूपी, उत्तराखंड की तरह हिमाचल में भी दोबारा बनाएंगे सरकार, AAP के लिए कोई स्‍थान नहीं
x
बड़ी खबर

नई दिल्ली, हिमाचल प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसे लेकर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अभी से चुनावी मोड में आ गए हैं। राज्य में चुनाव की तैयारियों और रणनीति को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ जागरण न्यू मीडिया ने विशेष बातचीत की।

क्या पहाड़ की परंपरा इस बार टूटेगी? क्या हैं चुनावी तैयारियां? इस पर जयराम ठाकुर कहते हैं कि इस बार कई राज्यों में पुरानी परंपरा टूटी है। उत्तर प्रदेश में 37 वर्ष बाद दोबारा भाजपा की सरकार लौटी है। उत्तराखंड की स्थापना के बाद से आज तक कोई सरकार वापस नहीं लौटी लेकिन इस बार वहां भाजपा की सरकार की वापसी हुई है। पूरे देश में भाजपा के पक्ष में माहौल है। इसका सबसे ज्यादा श्रेय हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को जाता है। बकौल जयराम, इस बार उन्हें विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार फिर सत्ता में लौटेगी। हम फिर से पांच साल का कार्यकाल पूरा करेंगे।
कोरोना से हर राज्य प्रभावित रहा। हिमाचल प्रदेश में योजनाओं के संदर्भ में क्या कहेंगे? जयराम कहते हैं कि देश में कोरोना को प्रभावी तरीके से नियंत्रित करने में कई राज्यों की अहम भूमिका रही, उनमें हिमाचल प्रदेश भी है। राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में जयराम ठाकुर ने बताया कि मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के लिए जनमंच की शुरुआत की। महीने के पहले रविवार को दूरदराज के गांवों में मंत्रियों और अधिकारियों ने मौके पर 50 हजार से अधिक समस्याओं का निराकरण किया। हिमकेयर योजना के माध्यम से दो लाख 90 हजार लोगों का इलाज हिमाचल प्रदेश में मुफ्त किया गया। सहारा योजना के अंतर्गत गंभीर बीमारी से पीड़ित गरीब व्यक्ति को हर महीने तीन हजार रुपये की सहायता दी गई, जो सीधे उसके खाते में पहुंचती थी।
और किन योजनाओं ने जनता की मदद की? इस पर ठाकुर ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है जहां हर घर के पास गैस सिलेंडर है। इसके लिए तीन लाख 31 हजार लोगों को सिलेंडर वितरित किए गए। उज्ज्वला के साथ गृहिणी योजना के तहत हर घर में गैस सिलेंडर है। बेरोजगारों के लिए मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना आरंभ की। इसमें बड़ी संख्या में लोगों को कारोबार करने का अवसर मिला। शगुन योजना के अंतर्गत गरीब परिवार की बेटी की शादी के लिए 31 हजार रुपये शादी के समय दिए जाते हैं।
हिमाचल में सड़क कनेक्टिविटी और पर्यटन एक दूसरे से जुड़े हैं, इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया भर से लोग हिमाचल प्रदेश में घूमने के लिए आते हैं। पर्यटकों को सबसे ज्यादा समस्या कनेक्टिविटी को लेकर आती थी। प्रदेश में फोरलेन और लंबित परियोजनाओं पर तेजी से काम शुरू किया गया। अटल रोहतांग पूरी दुनिया के लिए आकर्षण का केंद्र बिंदु है। वह टूरिस्ट डेस्टीनेशन बना हुआ है। 210 करोड़ की लागत से बने धर्मशाला रोपवे का उद्घाटन दो महीने पहले किया गया। महिला सशक्तीकरण के सवाल पर जयराम ठाकुर बताते हैं कि राज्य में महिलाओं के लिए कई योजनाएं आरंभ की गई हैं। महिलाओं को कारोबार शुरू करने के लिए चार प्रतिशत के ब्याज दर पर कर्ज दिया जा रहा है। मेधा योजना के अंतर्गत छात्रओं की पढ़ाई में मदद की जा रही है। प्रदेश में महिलाओं के बस का किराया आधा किया गया है।
हिमाचल में आम आदमी पार्टी की दस्तक के सवाल पर जयराम ठाकुर साफ कहते हैं कि प्रदेश में तीसरी पार्टी की गुंजाइश नहीं है। इससे पहले तमाम प्रयास किए गए, वे सफल नहीं हुए। वहीं, कांग्रेस अब एक परिवार की पार्टी बन कर रह गई है। कांग्रेस कई राज्यों में समापन की स्थिति में है। हिमाचल में कांग्रेस में नेतृत्व किसे सौंपा जाए, अभी तय नहीं हो सका है। मोदी सरकार के आठ साल पूरा होने पर हिमाचल में होने वाले कार्यक्रम के बारे में जयराम मानते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्नेह प्रदेश से हमेशा बना रहा है। हिमाचल से उनका पुराना नाता रहा है। प्रदेश के कई कार्यकर्ताओं को वह नाम से पुकारते हैं। हमें बेहद खुशी होगी, जब वह प्रधानमंत्री के रूप में आठ साल पूरा करने का उत्सव शिमला में मनाएंगे। पीएम देश को संबोधित भी करेंगे, यह हिमाचल के लिए गर्व का विषय होगा।
Next Story