हिमाचल प्रदेश

मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की विपक्ष के नेताओं को नसीहत, लोन छोड़ें, शांता जी की बात सुनें भाजपाई

Gulabi Jagat
18 Feb 2023 9:18 AM GMT
मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू की विपक्ष के नेताओं को नसीहत, लोन छोड़ें, शांता जी की बात सुनें भाजपाई
x
शिमला
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि लोन पर हल्ला करने के बजाय भाजपा के नेता अपने पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार की ही सलाह को मान लें। वह शिमला में मीडिया से बात कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार को लोन इसलिए लेना पड़ रहा है, क्योंकि भाजपा की सरकार जाते-जाते कई देनदारियां छोड़ गई है। मुख्यमंत्री ने दोबारा कहा कि वह इस बात पर कायम हैं कि राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए चार साल लगेंगे। जो लोन लिया जा रहा है वह विकास योजनाओं को प्रभावित होने से बचने के लिए है। हमारी सरकार विकास की गति को कम नहीं होने देगी, जो प्रतिबद्ध देनदारियों हैं, वह भी राज्य सरकार को देनी है।
सुक्खू ने कहा कि भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार एक अनुभवी नेता हैं और उनका लंबा राजनीतिक कार्यकाल रहा है। उन्होंने खुद कहा है कि नई सरकार को रिजल्ट देने के लिए वक्त देने की जरूरत है। इसलिए भाजपा नेताओं को कम से कम अपने नेता की ही बात सुननी चाहिए। इतना जल्दी लोन को लेकर हल्ला करना ठीक नहीं है। गौरतलब है कि गुरुवार को ही राज्य सरकार ने दो हजार करोड़ लोन और लेने का फैसला किया है और इसके पिछले महीने 1500 करोड़ लोन लिया गया था। इस बात पर भाजपा के नेता कांग्रेस सरकार पर हमला कर रहे हैं।
Next Story