हिमाचल प्रदेश

ऊपरी शिमला के प्रवास पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को दिए आदेश

Shreya
11 Aug 2023 6:16 AM GMT
ऊपरी शिमला के प्रवास पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों को दिए आदेश
x

कुमारसैन: प्रदेश का 80 प्रतिशत सेब उत्पादन करने वाले ऊपरी शिमला क्षेत्र के प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आपदा प्रभावित लोगों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया और उनका यह दौरा प्राकृतिक आपदा से सार्वजनिक एवं निजी संपत्ति को हुई भारी क्षति का जायजा लेकर लोगों को कम से कम समय में अधिक से अधिक राहत पहुंचाने पर केंद्रित रहा। मुख्यमंत्री ने सभी सडक़ों की शीघ्र मरम्मत के लिए फील्ड अधिकारियों को निर्देश दिए, ताकि पंचायत स्तर तक संपर्क मार्गों को जल्द से जल्द बहाल कर बागबानों का सेब और अन्य नकदी फसलें मंडियों तक पहुंचाने के कार्य में तेजी लाई जा सके। अपने प्रवास के दौरान उन्होंने अधिकारियों को चौबीसों घंटे कार्य करते हुए 15 अगस्त तक सडक़ों को बहाल करने के निर्देश भी दिए, ताकि बागबानों और किसानों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े और सही समय पर उनका उत्पाद बाजार में पहुंच पाए।

दो दिन के भीतर मुख्यमंत्री ने चौपाल, जुब्बल-कोटखाई, रोहड़ू, ठियोग और रामपुर विधानसभा क्षेत्रों में आपदा के कारण बंद सडक़ों और अन्य नुकसान का जायजा लिया। क्षेत्र के दौरे के बाद आपदा प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में तेजी आई है। मुख्यमंत्री ने पिछले कल ननखड़ी क्षेत्र में भारी बारिश से हुए नुकसान का जायजा लेते हुए पंचायतों तक संपर्क मार्गों की शीघ्र मरम्मत करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के 12 घंटे के भीतर ही जिला प्रशासन शिमला ने खंड विकास अधिकारी ननखड़ी को विभिन्न पंचायतों में सडक़ों व पुलों की मरम्मत के लिए 55 लाख रुपए तथा विकास खंड अधिकारी नारकंडा को नारकंडा (सिहाल) पंचायत की सडक़ों व पुलों की मरम्मत के लिए 49 लाख रुपए की धनराशि जारी कर दी है।

आंदोलन में मारे गए बागबान को मिलेगा मुआवजा

मुख्यमंत्री ने हाल ही में आई आपदा के प्रभावितों को बढ़ी हुई राहत की घोषणा की, वहीं वे कोटगढ़ के शहीद स्मारक भी गए और वर्ष 1990 में सेब बागबानों के आंदोलन के दौरान हुए गोलीकांड में मारे गए तीन बागबानों गोविंद सिंह, हीरा सिंह और तारा चंद के परिवार को एक-एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कोटगढ़ में इन तीन बागबानों की याद में बनाए गए स्मारक के रखरखाव के लिए राज्य सरकार की ओर से आठ लाख रुपए देने की घोषणा भी की।

कुमारसैन उपमंडल में लिया नुकसान का जायजा

कुमारसैन उपमंडल में सीएम ने बुधवार को बारिश से हुए भारी नुकसान का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अवगत करवाया कि उपमंडल में 124 घर पूरी तरह से ध्वस्त हुए हैं, 204 घर मामूली रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। सीएम इन ग्राम पंचायतों के प्रधानों से भी मिले और इस दौरान पंचायतों की ओर से सेब सीजन के मद्देनजर सडक़ों को तुरंत बहाल करने की मांग की गई। सीएम के निर्देशों पर जिला प्रशासन द्वारा बारिश से बुरी तरह प्रभावित कोटगढ़ क्षेत्र की सात पंचायतों को राहत कार्यों के लिए 7-7 लाख रुपए दिए गए हैं। यह राशि पंचायतों के संपर्क सडक़ों को बहाल करने पर खर्च की जाएगी। सीएम ने दोहराया कि बागबानों का सेब मंडियों तक पहुंचाना प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग सडक़ों को बहाल करने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य कर रहा है और इसके लिए धनराशि जारी होने से इसमें तेजी आएगी।

Next Story