हिमाचल प्रदेश

मकान के क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता के रुप में दिया एक लाख बीस हजार का चेक

Admin Delhi 1
15 Aug 2023 7:55 AM GMT
मकान के क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता के रुप में दिया एक लाख बीस हजार का चेक
x
सीपीएस ने लिया नुकसान का जायजा

चढियार: मुख्य संसदीय सचिव, कृषि, पशुपालन एवं पंचायती राज किशोरी लाल ने विधानसभा क्षेत्र के धार चढियार और मझैरना क्षेत्र का दौरा किया तथा भारी बरसात में हुए नुकसान का जायजा लिया। भारी वर्षा से प्रभावित लोगों से मुलाकात भी की। उन्होंने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों को फौरी राहत भी वितरित की। सीपीएस ने ग्राम पंचायत खास चढियार के चांगन में गुलेर चंद पुत्र सरगोडू राम के मकान के क्षतिग्रस्त होने पर उनको फौरी राहत के रूप में पांच हजार रुपए दिए। इसके उपरांत सीपीएस ने ग्राम पंचायत मझैरना में काकू राम पुत्र जुल्फी राम निवासी महाल मझैरना को मकान के क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता के रुप में एक लाख बीस हजार का चेक भेंट किया। उन्होंने कहा कि सरकार आपदा की घड़ी में लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी आपदा की स्थिति में लोगों को राहत और पुनर्वास कार्य को तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके पश्चात सीपीएस ने लोक निर्माण विश्राम गृह विभाग में लोक निर्माण के अधिकारियों से बैजनाथ हलके में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से सडक़ों, पुलों और भवनों इत्यादि को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि लोगों की सुविधा के लिए इन्हें फिर बहाल करने के लिए धन उपलब्ध करवाया जाएगा। इस अवसर पर अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष के लिए 51 हजार और शिव शक्ति ठेकेदार यूनियन बैजनाथ के प्रधान शशी राणा की अध्यक्षता में दो लाख 28 हजार पांच सौ रुपए का चैक मुख्य संसदीय सचिव को भेंट किया। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र जम्वाल, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष रविन्दर राव, जिला आदिवासी अध्यक्ष पृथी करोटी, नायब तहसीलदार अभिराय सिंह ठाकुर, नायब तहसीलदार बैजनाथ गुरुमुख, अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग संजीव सूद व अन्य मौजूद रहे।

Next Story