हिमाचल प्रदेश

बारिश-बर्फबारी के आसार, 22 और 23 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी

Tara Tandi
21 April 2024 7:09 AM GMT
बारिश-बर्फबारी के आसार, 22 और 23 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी
x
शिमला : हिमाचल प्रदेश के कई क्षेत्रों में रविवार को भी बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। 22 और 23 अप्रैल के लिए येलो अलर्ट जारी हुआ है। शनिवार को हल्के बादल छाए रहने के साथ अधिकांश क्षेत्रों में धूप खिली। शुक्रवार रात राजधानी शिमला सहित कई जगह बादल झमाझम बरसे और पहाड़ों पर बर्फबारी हुई। मौसम बदलने से केलांग और कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान एक बार फिर माइनस में चला गया है। शनिवार शाम तक लाहौल-स्पीति में 99 सड़कें और चंबा जिले में 112 बिजली ट्रांसफार्मर ठप रहे। प्रदेश में कुल 104 सड़कों पर आवाजाही पूरी तरह से बंद है। 133 बिजली ट्रांसफार्मर बंद होने से कई क्षेत्रों में अंधेरा पसरा हुआ है।
शुक्रवार रात को रोहतांग दर्रा, कुंजम दर्रा, शिंकुला व बारालाचा सहित ऊंची चोटियों में बर्फबारी का दौर जारी रहा। शिंकुला के साथ बीआरओ के लिए रोहतांग, मनाली-लेह मार्ग व कुंजम दर्रा को बहाल करने का काम प्रभावित हो रहा है। जिला कुल्लू के साथ मनाली में रातभर बारिश जारी रही। सिस्सू के पास हाईवे तीन में भूस्खलन होने से मनाली-लेह मार्ग पूरी तरह बसों के साथ अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा।
सिस्सू नहीं जा पाए पर्यटक
शनिवार को सैलानी सिस्सू नहीं जा सके। जिला चंबा के जनजातीय क्षेत्र पांगी के किलाड़ मुख्यालय सहित ऊपरी चोटियों में शुक्रवार रात को ताजा बर्फबारी से समूचा पांगी क्षेत्र शीतलहर की चपेट में है। जिला में शनिवार को 336 गांवों में अंधेरा पसरा रहा। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर चिम्मा और केरू पहाड़ के पास शनिवार सुबह 7:45 बजे भूस्खलन होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। विभागीय मशीनरी ने मलबे और पत्थरों को हटाकर हाईवे एक घंटे बाद 8:45 बजे यातायात के लिए बहाल किया।
कहां रहा कितना तापमान
उधर, शुक्रवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.5, कुकुमसेरी में माइनस 0.3, कल्पा में 3.5, मनाली में 4.1, डलहौजी में 7.2, शिमला में 9.4, सोलन में 11.6, धर्मशाला में 14.2, मंडी में 15.1, कांगड़ा में 15.2, हमीरपुर में 17.1, नाहन में 17.3 और बिलासपुर में 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकाॅर्ड हुआ। शुक्रवार रात को शिमला, सुंदरनगर, भुंतर, कल्पा, धर्मशाला, ऊना, नाहन, सोलन, मनाली, कांगड़ा, चंबा, डलहौजी, कुफरी, नारकंडा और भरमौर में भी बारिश हुई।
Next Story