हिमाचल प्रदेश

नूरपुर फतेहपुर में अपनों को मनाना तो कांगड़ा देहरा में विधायकों की एंट्री बनी भाजपा को चुनौती

Shantanu Roy
23 Aug 2022 9:06 AM GMT
नूरपुर फतेहपुर में अपनों को मनाना तो कांगड़ा देहरा में विधायकों की एंट्री बनी भाजपा को चुनौती
x
बड़ी खबर
धर्मशाला। विधानसभा चुनावों में अपना अहम किरदार निभाने वाले जिला कांगड़ा के 4 विधानसभा क्षेत्रों में अपनों का विरोध और विधायकों की एंट्री ने भाजपा के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। इन विधानसभा क्षेत्रों में जीत पाने के लिए भाजपा को पहले अपने ही पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं के साथ सामंजस्य बैठाने की आवश्यकता आन पड़ी है। अंदरखाते पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकत्र्ताओं के बीच चले विरोध को पार पाने के लिए आला कमान के आदेशों पर संगठन पदाधिकारी फील्ड में डट गए हैं। इसमें बूथ स्तर के पदाधिकारी से लेकर मंडल तक सभी से नाराजगी की वजह जानने के साथ उसे दूर करने के उपाय और आगामी चुनावों में पार्टी की जीत को सुनिश्चित करने के लिए बैठकें आयोजित की जा रही हैं। भाजपा के लिए जिला कांगड़ा में इन दिनों नूरपुर, फतेहपुर, देहरा और कांगड़ा में पार्टी के अंदर चले विरोध जगजाहिर हो चुका है।
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी से ही निकलकर चुनाव लडऩे का ऐलान कर चुके रणवीर सिंह निक्का अपने चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। वहीं, फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में उप-चुनावों के दौरान प्रत्याशी रहे बलदेव सिंह ठाकुर जनसंवाद कार्यक्रम कर रहे हैं जबकि उप-चुनावों के दौरान दूरी बनाए रखने वाले कृपाल परमार की गतिविधियां भी हल्के में बढ़ गई हैं। जिसको कार्यकत्र्ता भी कई मायनों से देख रहे हैं। कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में विधायक पवन काजल की भाजपा में एंट्री के बाद मंडल में उठा विरोध शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले देहरा विधानसभा क्षेत्र के विधायक होशियार सिंह की एंट्री ने भी देहरा भाजपा मंडल में खलबली मचा दी है। अभी तक विधायक और मंडल पदाधिकारियों के बीच सामंजस्य बैठ नहीं पाया है। सभी लोग इस बार रिवाज बदलने के लिए तैयार हैं। पार्टी में पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं को त्याग और सहयोग देना होगा ताकि पार्टी का संकल्प पूरा हो सके। -त्रिलोक कपूर, भाजपा महामंत्री।
Next Story