हिमाचल प्रदेश

अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी कार, 3 की मौत

Ritisha Jaiswal
28 March 2022 3:50 PM GMT
अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी कार, 3 की मौत
x
जोत से चंबा की ओर आ रही कार (एचपी-73-5865) सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर भटालवां में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी।

जोत से चंबा की ओर आ रही कार (एचपी-73-5865) सोमवार सुबह करीब 5:30 बजे मुख्यालय से करीब चार किलोमीटर दूर भटालवां में अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में लाल हुसैन (37) गांव डाडू, मोहम्मद रशीद (38) गांव माशवाड़ी और फतेह मोहम्मद (52) गांव नैहपुरी की मौत हो गई है। माशवाड़ी के रामाऊन और मिसर इस हादसे में घायल हुए हैं।

सुबह की सैर पर निकले लोगों ने वाहन गिरने की आवाज सुनकर पुलिस को सूचित किया। इसके बाद सभी को खाई से निकालकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने यहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है।
तीन लोगों की मौत से पल्यूर में छाया मातम
पंचायतीराज चुनाव में दूसरी बार उपप्रधान के पद पर काबिज हुए लाल हुसैन की कार दुर्घटना में मौत की खबर से पंचायत में सन्नाटा पसर गया। किसी को भी विश्वास नहीं हो रहा है कि मिलनसार और ग्रामीणों के कार्य करवाने के लिए हमेशा तत्पर रहने वाला अब इस दुनिया को अलविदा कह चुका है। दुर्घटना में पंचायत के तीन लोगों की मौत की खबर सुनकर ग्रामीण अपने रोजमर्रा के काम छोड़कर अपने दोपहिया और चौपहिया वाहनों सहित जैसे-तैसे मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचे।
वहां पहुंचकर शवों को देखकर उनके पांव तले जैसे जमीन ही खिसक गई। भटालवां के पास सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे ने दो परिवारों से घर में कमाने वाले छीन लिए वहीं, हादसा तीनों परिवारों को ताउम्र न भूलने वाले जख्म दे गया। हर कोई इस दुखद घड़ी को कोसते हुए अपने आंसू नहीं रोक पा रहा था। हादसे में जहां नूरा पत्नी मुहम्मद रशीद से उसका जीवन साथी बिछड़ गया तो वहीं, उनके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है।
नूरा पर अब अपने बच्चों की जिम्मेदारियों का बोझ आ गया है। दो दिन के भीतर लौटने का वायदा कर टांडा के लिए गए मुहम्मद रशीद के कफन में लिपटे घर पहुंचने पर परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है। ग्राम पंचायत पल्यूर के उपप्रधान लाल हुसैन अपने ताया के लड़के का कुशलक्षेम जानने के लिए शनिवार को पंचायत के चार अन्य लोगों के साथ टांडा के लिए रवाना हुए थे।
उन्हें क्या पता था कि भटालवां में बांहें खोल मौत सभी को अपने आगोश में समाने के लिए खड़ी है। मिलनसार स्वभाव के मुहम्मद रशीद अपने पीछे पत्नी मनीरा, छह वर्षीय बेटा, 7, 9 और 16 वर्षीय बेटियां छोड़ गए हैं। अपनी मेहनत और गांव में हरेक के दुख में खड़े रहने वाले मुहम्मद रशीद की मौत ने कई गरीबों को न भूलने वाले जख्म दिए हैं।


Ritisha Jaiswal

Ritisha Jaiswal

    Next Story