- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- बर्फ की 20 फीट ऊंची...
हिमाचल प्रदेश
बर्फ की 20 फीट ऊंची दीवार को काटकर बीआरओ ने रिकॉर्ड समय में बहाल किया रोहतांग दर्रा
Deepa Sahu
3 May 2022 4:02 PM GMT
![बर्फ की 20 फीट ऊंची दीवार को काटकर बीआरओ ने रिकॉर्ड समय में बहाल किया रोहतांग दर्रा बर्फ की 20 फीट ऊंची दीवार को काटकर बीआरओ ने रिकॉर्ड समय में बहाल किया रोहतांग दर्रा](https://jantaserishta.com/h-upload/2022/05/03/1615744-45.webp)
x
देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा सैरगाह रोहतांग को इस साल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने एक माह पहले ही बहाल कर दिया है।
देश-विदेश के पर्यटकों की पसंदीदा सैरगाह रोहतांग को इस साल सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने एक माह पहले ही बहाल कर दिया है। बीआरओ ने करीब 20 फीट(6.096) से भी ऊंची बर्फ की दीवार को काटकर समुद्रतल से 13050 फीट की ऊंचाई पर स्थित रोहतांग दर्रा को बहाल किया। हालांकि, अभी यहां वाहनों की आवाजाही नहीं हो सकेगी। स्थानीय प्रशासन सड़क का निरीक्षण करेगा, उसके बाद ही इसकी इजाजत दी जाएगी। भारी बर्फबारी की वजह से अक्तूबर 2021 से रोहतांग बंद था। पिछले साल 29 मई को इसे बहाल किया गया था।
इस बार बीआरओ ने करीब एक माह पहले मनाली-रोहतांग सड़क मार्ग से बर्फ हटा दी है। बीआरओ ने इसकी सूचना जिला प्रशासन को दे दी है। रोहतांग बहाल होने से पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों को भी राहत मिली है। मनाली आने वाले सैलानी रोहतांग का दीदार किए बिना नहीं रहते। बर्फ से लकदक रहने वाली रोहतांग की वादियों में अठखेलियां करने के लिए पर्यटक यहां पहुंचते हैं।
एसडीएम मनाली डॉ. सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि रोहतांग दर्रे से बीआरओ ने बर्फ हटाने का कार्य पूरा कर लिया है। प्रशासन की टीम जल्द इस मार्ग का निरीक्षण करेगी। सड़क और मौसम की स्थिति के आधार पर इस मार्ग पर पर्यटक वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी।
रोजाना 1,200 वाहनों को ही जाने की अनुमति
रोहतांग के दीदार परमिट लेने के बाद ही किए जा सकेंगे। एनजीटी के आदेशानुसार रोहतांग के लिए रोजाना लगभग 1,200 वाहनों को ही जाने की अनुमति मिलती है।
Next Story