हिमाचल प्रदेश

नगर निगम के बाद प्रदेश में फिर सत्तासीन होगी भाजपा: विपिन परमार

Shantanu Roy
29 April 2023 10:16 AM GMT
नगर निगम के बाद प्रदेश में फिर सत्तासीन होगी भाजपा: विपिन परमार
x
शिमला। नगर निगम शिमला के चुनावों के दौरान नेताओं के आरोप व प्रत्यारोप का दौर जारी है। शिमला में पत्रकार वार्ता करते हुए विधायक एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन परमार ने कहा कि कांग्रेस के बड़े दिग्गज बोल रहे हैं कि इन्होंने हमारा गला दबा रखा है। हम अपनी बात कहीं नहीं रख सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि नगर निगम में काबिज होने के बाद हिमाचल में भी भाजपा फिर से सत्तासीन होगी। भाजपा गुड गवर्नैंस, जनहित, लोगों की अभिव्यक्ति व लोगों की भावना को समझने के नाम पर सत्ता में आएगी। हालांकि कांग्रेस के विधायकों के भाजपा से संपर्क में होने का सवाल वो टाल गए तथा कहा कि वह मौके आने पर बताएंगे कि कितने विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि राजधर्म के नाम पर कांग्रेस के नेता बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने राजधर्म की धज्जियां उड़ा दीं। राजधर्म यह नहीं कहता कि बोल कर मुकर जाओ। 10 गारंटियां भी तो शपथ थीं लेकिन शपथ लेना सरल है और उन्हें निभाना कठिन है।
विपिन परमार ने आरोप लगाया कि लोगों को गुमराह करना कांग्रेस का स्वभाव है। शिमला में ज्यादा समय तक कांग्रेस का दबदबा रहा लेकिन यहां हिल्स क्वीन में जो काम होने चाहिए थे वे नहीं हुए। स्मार्ट सिटी पीएम और जयराम ठाकुर की देन है। कांग्रेस शिमला के लिए पानी और अन्य योजनाओं की बात कर रही है, ये सब भाजपा की देन हैं। पर्वतमाला और पानी की योजना भी भाजपा लेकर आई है। इसमें कांग्रेस सरकार का कोई योगदान नहीं है। कांग्रेस नेताओं के व्यवहार व वाणी में एकरूपता नहीं है। यह व्यवस्था परिर्वतन सीएम के लिए नीड बेस पर एक अच्छा वक्तव्य है। भाजपा सरकार ने 125 यूनिट बिजली फ्री में दी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उपहार स्वरूप बिजली के दाम 25 पैसे से 59 पैसे प्रति यूनिट बढ़ा दिए। कांग्रेस सरकार के सीएम से लेकर मंत्री, विधायक व पदाधिकारी बेगानी शादी में दीवाने हो गए हैं। विपिन परमार ने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में बिना इंटरव्यू के अध्यापकों के पद भरने के लिए ड्राफ्ट तैयार किया गया लेकिन अगले ही दिन मुख्यमंत्री इसको नकार देते हैं। यह नैट व सैट पास करने वालों के साथ धोखा है। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश के लोगों के साथ धोखा नहीं करने देंगे। कांग्रेस ने 5 लाख रोजगार का वायदा किया था, लेकिन जो लगे थे, व्यवस्था परिवर्तन वाली हकूमत उन्हें बाहर का रास्ता दिखा रही है। नगर निगम चुनावों को कांग्रेस पार्टी प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस गारंटियों को पूरा तो कर नहीं पा रही है।
Next Story