- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- कांग्रेस की रणनीति के...

न्यूज़क्रेडिट: अमरउजाला
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं भूपेश बघेल, सचिन पायलट आदि के शिमला आने से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इसके बाद अब भाजपा ने पार्टी के राज्य कोर ग्रुप की बैठक बुला ली है।
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की रणनीति के खिलाफ आज भाजपा फिर मोर्चाबंदी करेगी। कांग्रेस के दिग्गज नेताओं भूपेश बघेल, सचिन पायलट आदि के शिमला आने से प्रदेश की सियासत गरमा गई है। इसके बाद अब भाजपा ने पार्टी के राज्य कोर ग्रुप की बैठक बुला ली है। विधानसभा सत्र से एक दिन पहले पीटरहॉफ शिमला में भाजपा नेता जुटेंगे। नई दिल्ली से केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर भी पहुंच रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह के शिमला पहुंचते ही यह बैठक तय की गई है।
सूत्रों के अनुसार भाजपा कोर ग्रुप की बैठक बुलाने के आदेश राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दिए हैं। इसके बाद सौदान सिंह ने अचानक बैठक बुलाई है। हिमाचल में नवंबर में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं। इससे पहले दोनों राजनीतिक दल भाजपा और कांग्रेस चुनावी मोड में आ चुके हैं। कांग्रेस के मुख्य चुनाव पर्यवेक्षक एवं छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने शिमला में पार्टी पदाधिकारियों में जोश भरा है। भाजपा कोर ग्रुप की बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह और प्रदेश प्रभारी अविनाश खन्ना विशेष रूप मौजूद रहेंगे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, संगठन महामंत्री पवन राणा, तीनों प्रदेश महामंत्री और अन्य नेता उपस्थित होंगे। भाजपा मिशन रिपीट के लिए मंथन करेगी। बैठक में कांग्रेस की रणनीति की भावी काट भी ढूंढी जाएगी।
कोर ग्रुप की बैठक में नहीं आएंगे धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल कोर ग्रुप की बैठक में नहीं आएंगे। धूमल ने कहा कि उनका पहले से एक कार्यक्रम तय है, इसलिए बैठक में नहीं आ पाएंगे। सूत्रों के अनुसार धूमल पिछली बार पीटरहॉफ में हुई कोर ग्रुप की बैठक में भी कई मसलों पर तीखी प्रतिक्रिया दे चुके हैं। वह उनकी कैबिनेट के दो पूर्व मंत्रियों की अनदेखी समेत कई मसलों पर नाखुशी के संकेत दे चुके हैं। कई बार अपनी नाराजगी के संकेत दे चुके हैं।