हिमाचल प्रदेश

भाजपा को कोर्ट के निर्णय का इंतजार, बैठक कर कार्यकर्ताओं से ली फीडबैक

Shantanu Roy
7 April 2023 9:16 AM GMT
भाजपा को कोर्ट के निर्णय का इंतजार, बैठक कर कार्यकर्ताओं से ली फीडबैक
x
शिमला। हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि नगर निगम शिमला को लेकर कोर्ट का निर्णय आने के बाद ही भाजपा प्रत्याशी तय करेगी। उन्होंने कहा कि वार्डों की संख्या को लेकर भाजपा अपनी स्थिति स्पष्ट कर चुकी है, ऐसे में कोर्ट का निर्णय आने के बाद ही आगामी निर्णय लिया जाएगा। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी करने से पहले वार्ड प्रभारी एवं सह प्रभारियों के साथ भी चर्चा करेगी। सुरेश कश्यप ने कहा कि टिकट को लेकर वार्ड के प्रभारी और सह प्रभारी से भी पूर्ण फीडबैक लिया जा रहा है। इससे पहले भाजपा की नगर निगम चुनावों को लेकर आयोजित एक विशेष बैठक में सभी भाजपा कार्यकर्ताओं उनके संबंधित वार्डों की फीडबैक भी ली गई।
प्रदेश में छल-कपट की राजनीति कर रही कांग्रेस
सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा की सरकार और भाजपा शासित नगर निगम ने शिमला शहर के लिए अच्छा काम किया है। चाहे वह पानी की दृष्टि से हो, स्मार्ट सिटी की उपलब्धियां हो, पार्किंग की सुविधाएं हों या ढल्ली टनल का निर्माण हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में छल-कपट की राजनीति कर रही है और अगर सही मायने में बात करें तो यह कांग्रेस की सरकार झूठ की सरकार है। इससे पहले चुनावों के लेकर प्रवासी प्रभारी, प्रवासी सह प्रभारी और वार्ड प्रभारियों की बैठक का आयोजन भाजपा मुख्यालय दीपकमल चक्कर शिमला में किया गया। बैठक में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप, चुनाव प्रभारी सुखराम चौधरी, त्रिलोक जम्वाल, डाॅ. राजीव सहजल और बलवीर वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
भाजपा-कांग्रेस के मंसूबे धराशायी करेगी माकपा
माकपा के जिला सचिव एवं पूर्व मेयर संजय चौहान ने कहा कि माकपा नगर निगम चुनाव विशेष रणनीति के तहत मोर्चा बनाकर लड़ती है। इसके लिए जल्द ही पार्टी बैठक करेगी, जिसमें प्रत्याशियों के चयन से लेकर भाजपा, कांग्रेस के मंसूबों को धराशायी करने की योजना बनाएगी। आम आदमी पार्टी 8 अप्रैल को शिमला में बैठक करके नगर निगम चुनाव की रूपरेखा और प्रत्याशियों सहित प्रभारी व सह-प्रभारियों को लेकर बैठक करेगी। इसमें पार्टी प्रभारी जगदीप कंबोज गोल्डी और प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। आम आदमी पार्टी डाक्टर विंग के प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ. राजेश चानना ने कहा कि पार्टी पूरे दमखम से सभी 34 वार्डों में अपने प्रत्याशी उतारेगी और 8 को शिमला में इसकी रणनीति के लिए बैठक आयोजित होगी।
Next Story