- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- हिमाचल विधानसभा के...
हिमाचल विधानसभा के बाहर BJP का हल्लाबोल, महिलाओं के 1500 रुपये पर घिरी सरकार

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा के तपोवन में चल रहे शीतकालीन सत्र के चौथे दिन गुरुवार को महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सहायता देने की चुनावी गारंटी को लेकर भाजपा ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले भाजपा विधायक दल ने विधानसभा के प्रवेश द्वार तक धरना देकर कांग्रेस सरकार से अपना वादा पूरा करने की मांग की।
इस दौरान नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव से पहले 18 से 60 वर्ष की महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये देने का वादा किया था। उन्होंने कहा कि सरकार के चार साल पूरे होने के बावजूद अधिकांश पात्र महिलाओं को योजना का लाभ नहीं मिला है।
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि सरकार करीब 20 बार इस गारंटी को पूरा करने की घोषणा कर चुकी है, लेकिन महिलाओं को अब तक उनका अधिकार नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल इस मुद्दे को लगातार विधानसभा में उठा रहा है।
नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि महिलाओं को अब केवल 1500 रुपये मासिक देने के बजाय पिछले चार वर्षों के हिसाब से 72 हजार रुपये की राशि एकमुश्त दी जानी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की लगभग 28 लाख महिलाओं को इस गारंटी का लाभ मिलना चाहिए और इसके लिए करीब 20 हजार करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी।
प्रदर्शन में भाजपा विधायकों के साथ कांगड़ा और आसपास के क्षेत्रों की महिलाओं ने भी हिस्सा लिया। विपक्ष ने सरकार से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने संबंधी चुनावी वादा पूरा करने की मांग की।
वहीं, बद्दी में नकली दवाइयां बनाने वाली फैक्टरी के खिलाफ हुई कार्रवाई पर भी जयराम ठाकुर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी अवैध रूप से दवाइयों का निर्माण या कारोबार हो रहा है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
महिलाओं को 1500 रुपये मासिक देने की गारंटी का मुद्दा विधानसभा सत्र के दौरान भाजपा के विरोध प्रदर्शन का प्रमुख विषय बना हुआ है।





