- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- कांग्रेस कार्यकाल में...
कांग्रेस कार्यकाल में शुरू हुए कार्यों पर अपना टैग लगाकर वाहवाही लूट रहे भाजपा नेता : आशा कुमारी

सलूणी। कांग्रेस के कार्यकाल में शुरू हुई कार्यों पर भाजपा की डबल इंजन सरकार के नुमाइंदे अपना टैग लगाकर वाहवाही लूट रहे हैं लेकिन प्रदेश की जनता भाजपा के झांसे में आने वाली नहीं है। प्रदेश की जनता ने भाजपा की निकम्मी सरकार को बाहर करने का मन बना लिया है। यह बात डलहौजी की विधायक आशा कुमारी ने अपने दौरे के दौरान वीरवार को पंचायत व गांव खरोठी में अपने संबोधन के दौरान कही। उन्होंने कहा कि प्रदेश की 70 लाख जनसंख्या है, उसमें से 14 लाख लोगों के पास आज कोई रोजगार नहीं है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की सरकार के समय बेरोजगारी का आंकड़ा 4 लाख था जो आज भाजपा के साढ़े 4 साल के बीच यह आंकड़ा बढ़कर 14 लाख तक पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का दायित्व है कि बाजार में मिलावटी चीजों पर कंट्रोल करे लेकिन सरकार इसके बजाय अडानी व अंबानी के साथ मिलकर बाजार व उचित मूल्य के डिपुओं पर मिलावटी राशन देकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि 2 दिन पूर्व भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष खीमी राम ने भाजपा सरकार का दामन छोड़कर कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है। इससे पूर्व भाजपा के 3 बार सांसद रहे व प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुरेश चंदेल ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की है।