हिमाचल प्रदेश

अगली बार फिर भाजपा सरकार, मंडी के जंजैहली में सीएम जयराम ठाकुर का दावा

Admin Delhi 1
14 Jun 2022 10:13 AM GMT
अगली बार फिर भाजपा सरकार, मंडी के जंजैहली में सीएम जयराम ठाकुर का दावा
x

मंडी: प्रदेश में पांच साल का बारी-बारी का रिवाज बदलेगा। जनता के आशीर्वाद से हिमाचल में इस बार मिशन रिपीट के तहत भाजपा की ही सरकार बनने वाली है। इस बार स्थितियां बदली हैं और सरकार भाजपा की ही बनेगी। यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सोमवार को जंजैहली में आयोजित तीन दिवसीय पर्यटन महोत्सव के समापन अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने इस मौके पर कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में मिशन रिपीट की जिम्मेदारी सराज के हर नागरिक पर है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का विकास जो कभी भाषणों में मुख्य रूप से कहा जाता था, उसे वर्तमान भाजपा सरकार ने मूर्त रूप दिया है और सराज घाटी का ऐतिहासिक विकास हुआ है।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि इस कार्यकाल दौरान भाजपा की सरकार में जनता के हित का विकास ही किया है, जिसमें उन्होंने पूरे प्रदेश के सभी विधानसभा क्षेत्र में एक समान विकास की गति देने के लिए दिन रात मेहनत की है, आगामी विधानसभा चुनाव विकास कार्य बता कर जनता का आशीर्वाद लिया जाएगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा चुनाव को सामने देखकर कुछ कांग्रेसी नेता कहते हैं कि अब उनकी बारी है, परंतु बारी का रिवाज जनता को साथ लेकर बदलने की ओर बढ़ रहा है और प्रदेश में भाजपा की ही सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि सराज जंजैहली घाटी में 'पर्यटन की राहों पर योजना पर क्लब महिंद्रा के साथ काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नईं राहें, नई मंजिलें योजना के तहत प्रदेश में पांच स्थान चयनित हुए हैं, जिनमें एक जंजैहली क्षेत्र भी है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा इिस क्षेत्र में आयुर्वेद का एक महत्त्वपूर्ण केंद्र खोलने की योजना भी बन रही है, जिसमें पर्यटक स्वास्थ्य लाभ भी ले सकें। ऐसे प्रयास करते हुए योजना पर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि सराज से स्वाभिमान को लेकर एक मजबूत संदेश जाना चाहिए।

अपनी जिंदगी का फसाना सुनकर छलकी सीएम की आंखें: सराज विधानसभा के जंजैहली स्थित पर्यटन महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री उस समय भावुक हो गए, जब सुकेती नाटी किंग के नाम से प्रसिद्ध गायक पाल सिंह ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नाम से तैयार पहाड़ी नाटी प्रस्तुत की। यह नाटी सुनकर सीएम की आंखें छलक पड़ीं। हिमाचल प्रदेश में जब भाजपा सरकार सत्ता में आई तो सराज के विधायक जयराम ठाकुर के ग्रामीण जीवन से लेकर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचने वाली उपलब्धि को पाल सिंह ने अपनी नाटी के माध्यम से पेश किया। गौर हो कि मुख्यमंत्री को जब भी मौका मिलता है, वह पाल सिंह की आवाज में नाटी जरूर सुनते है।

जंजैहली में खुलेगा वन मंडल कार्यालय: मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर इशारों ही इशारों में निशाना साधा है। जयराम ठाकुर का कहना है कि जिस स्थान पर आज सराज पहुंचा है, वहां तक पहुंचने की बहुत से नेता कोशिश कर रहे हैं। सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अपने विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर थे और इस दौरान उन्होंने करोड़ों के उद्घाटन-शिलान्यास भी किए। इससे पहले उन्होंने शिकारी देवी के दरबार पर जाकर माथा टेका और आशीर्वाद लिया।

वहीं, उन्होंने शिकारी देवी में सफई अभियान का भी विधिवत रूप से आगाज किया और स्वयं कूड़ा कर्कट भी उठाया। इस अवसर पर उन्होंने जंजैहली में वन मंडल कार्यालय खोलने का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि जंजैहली में सरकार की तरफ से बनाया गया होटल अब क्लब महिंद्रा को दे दिया गया है और एक महीने के अंदर इसका संचालन शुरू कर दिया जाएगा। इससे पहले मुख्यमंत्री ने ढीम कटारू में 65 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर क्षेत्र का समग्र एवं समान विकास सुनिश्चित कर रही है और उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जो किसी न किसी कारणवश उपेक्षित रहे।

Next Story