- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- सलूणी हत्याकांड पर...

x
हत्याकांड पर भाजपा-कांग्रेस आमने सामने आ गई हैं। सलूणी हत्याकांड पर सरकार के मंत्रियों व राजनीतिक सलाहकारों के बयान पर भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई है। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री डा. राजीव सैजल, राज्यसभा सांसद इंदू गोस्वामी, प्रो. सिकंदर कुमार ने संयुक्त बयान में कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार के मंत्रियों एवं राजनीतिक सलाहकारों के बयानों को पढक़र उन्हें बहुत मानसिक कष्ट हुआ है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में एक जघन्य हत्याकांड हो गया। एक दलित परिवार के युवा की हत्या करके आरे से उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े कर दिए गए, लेकिन सरकार इस गंभीर मामले को मामूली घटनाए इक्का-दुक्का घटना कहकर अपना पल्ला झाड़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी एक्शन में आने की बजाए भाजपा पर दोषारोपण करने में जुट गई है। कांग्रेस सरकार के वन मंत्री इस प्रकार के भयावह हत्याकांड की जिम्मेदारी पुरानी सरकार पर डालने में लगे हैं। सरकार के वरिष्ठ मंत्री मीडिया के सामने मुकर गए कि मुझे इस बारे में कुछ पता नहीं है। पता करूंगा कि क्या हुआ है और कहा कि इस तरह की इक्का-दुक्का घटनाएं तो होती रहती है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री कार्यालय को जिस समय इस घटना को गंभीरता से लेते हुए इस पर ठोस कार्यवाही करनी चाहिए थी। उस समय वे विभागों के फेर बदल में लगे हुए थे, उन्हें प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था की कोई चिंता नहीं थी। भाजपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान कांग्रेस सरकार न तो उस दलित परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की और न ही इस जघन्य हत्याकांड के पीछे जो बड़ा अतीक अहमद जैसा साम्राज्य है, उस पर कोई चोट करने की बात की। उन्होनें कहा कि इससे भी बढक़र दुख का विषय यह है कि मुख्यमंत्री को आज तक पीडि़त परिवार से मिलने जाने का समय नहीं मिला। ना ही उनके चंबा के विधायक इस पीड़ित परिवार से मिलने गए।
मुख्यमंत्री-मंत्री अपराध के प्रति नहीं गंभीर
भाजपा नेताओं ने आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री और सरकार के मंत्री इस भयावह कुकृत्य के प्रति बिल्कुल भी गंभीर नहीं है। यही देखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने निर्णय लिया कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष पीडि़त परिवार से मिलने जाएं, परन्तु यह ऐसी निकम्मी सरकार है जो न तो खुद गई और न ही उन्हें जाने दिया।
Next Story





