हिमाचल प्रदेश

लोगों को गुमराह करने के आरोप में भीम आर्मी की टिप्पणी पर बिफरे हाटी

Admin Delhi 1
8 Jun 2022 10:22 AM GMT
लोगों को गुमराह करने के आरोप में भीम आर्मी की टिप्पणी पर बिफरे हाटी
x

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला में भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद द्वारा हाटी समुदाय को जनजाति का दर्जा दिए जाने को लेकर कही गई बात पर हाटी समुदाय भड़क गया है। सोमवार को शिमला रैली में चंद्रशेखर आजाद ने कहा था कि सरकार हाटी समुदाय को जनजाति का दर्जा देने जा रही है, जबकि सरकार को उनके समाज की समस्याओं पर भी ध्यान देना चाहिए। इसके बाद हाटी विकास मंच के मुख्य सलाहकार रमेश सिंगटा ने कहा कि उन्हें कुछ लोग कमजोर समझ रहे हैं। अब जब गिरिपार को केंद्र सरकार जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने के लिए अधिसूचना जारी करने वाली है, तो लोग इसके विरोध में उतर रहे हैं। कुछ लोग हाटी समुदाय को आगे बढ़ते हुए देखना नहीं चाहते हैं। ऐसे लोग सिर्फ और सिर्फ अपना फायदा देख रहे हैं। हाटी विकास मंच का कहना है कि गिरिपार के करीब तीन लाख लोगों को जनजातीय दर्जा मिलने से फायदा होगा।

इसमें जनरल, एससी और एसटी अन्य कैटेगरी के लोग भी शामिल हैं। हम सिर्फ अपने हित की बात नहीं कर रहे हैं, बल्कि पूरे हाटी समुदाय के हित की बात कर रहे है। अब कुछ लोग शिमला में जाकर सिरमौर के लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। गौरतलब है कि गिरिपार को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा देने के खिलाफ भीम आर्मी ने शिमला में प्रदर्शन किया। इसमें हाटी को जनजातीय दर्जा देने के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद अब हाटी समिति ने इसे भीम आर्मी द्वारा लोगों को गुमराह करके अपनी राजनीति चमकाने का तरीका बताया है। केंद्रीय हाटी समिति ने शिमला में पत्रकार वार्ता कर बताया कि जल्द हाटी समुदाय को जनजातीय दर्जा मिलने वाला है। इसकी घोषणा जल्द हो जाएगी। केंद्रीय हाटी समिति की इकाई सिरमौर हाटी विकास मंच ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप फूड एंड सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के वाइस चेयरमैन बलदेव सिंह तोमर सहित गृह मंत्री अमित शाह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अनुराग सिंह ठाकुर सहित सभी तमाम नेताओं का आभार प्रकट किया।

Next Story