हिमाचल प्रदेश

भारत जोड़ो यात्रा 19 को इंदौरा पहुंचेगी

Admin Delhi 1
6 Jan 2023 11:14 AM GMT
भारत जोड़ो यात्रा 19 को इंदौरा पहुंचेगी
x

शिमला: कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में देश में पिछले 120 दिनों से चल रही भारत जोड़ो यात्रा 19 जनवरी को हिमाचल के कांगड़ा जिला के इंदौरा क्षेत्र में प्रवेश करेगी। यात्रा के इंदौरा पहुंचने पर प्रबंधन को लेकर गुरुवार को कांग्रेस के विधायकों ने तपोवन में बैठक की। भारत जोड़ो यात्रा के हिमाचल में समन्वयक, सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए बताया कि यह यात्रा 19 जनवरी को जिला कांगड़ा के इंदौरा में पहुंचेगी और वहां से आगे सफर तय करेगी। राजेंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह सहित प्रदेश का संपूर्ण नेतृत्व इंदौरा में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होगा। साथ ही इस यात्रा में प्रदेश भर से संगठन के लोग जुड़ेंगे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के अलावा पार्टी से जुड़े अन्य संगठनों के पदाधिकारी भी इससे जुड़ेंगे। राजेंद्र राणा ने बताया कि हिमाचल के विभिन्न क्षेत्रों के साथ कांगड़ा जिला के लोग भी बड़ी संख्या में इसमें सम्मिलित होंगे।

यात्रा के प्रबंधन को बनाई सात सदस्यीय कमेटी: राजेंद्र राणा ने बताया कि कांगड़ा जिला में इसके समन्वय के लिए एक कमेटी गठित की गई है। इसमें शाहपुर के विधायक व यात्रा के प्रदेश सह समन्वयक केवल सिंह पठानिया, इंदौरा के विधायक मलेंद्र राजन, फतेहपुर के विधायक भवानी पठानिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता अजय महाजन और नीरज भारती, कांगड़ा जिला कांग्रेस अध्यक्ष करण पठानिया तथा कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष डा. राजेश शर्मा रहेंगे। यह कमेटी यात्रा से संबंधित सारे प्रबंधों एवं व्यवस्थाओं को देखेगी।

Next Story