हिमाचल प्रदेश

शिमला में भालुओं के हमले बढ़े, प्रशासन ने बनाया सुरक्षा प्लान

Admindelhi1
21 Nov 2026 3:34 PM IST
शिमला में भालुओं के हमले बढ़े, प्रशासन ने बनाया सुरक्षा प्लान
x
भालुओं के हमलों से हड़कंप, 12 को जंगलों से हटाया गया

शिमला: हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में भालुओं के बढ़ते हमलों ने ग्रामीणों की चिंता बढ़ा दी है। अकेले कोटखाई क्षेत्र में भालुओं के हमले की 23 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि कुछ को आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा है। अब भालू रात के साथ दिन में भी खेतों और रिहायशी इलाकों के आसपास दिखाई देने लगे हैं।

बढ़ते खतरे को देखते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शुक्रवार को अहम बैठक हुई। इसमें वन विभाग, प्रशासनिक अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने सुरक्षा उपायों पर चर्चा की। अधिकारियों के अनुसार, कोटखाई में अधिकांश हमले रात 12 बजे से सुबह तीन बजे के बीच हुए हैं।

रामपुर के काशापाट, डंसा और सराहन क्षेत्रों में भी हमले सामने आए हैं। वन विभाग अब तक 12 भालुओं को अलग-अलग स्थानों से वन्यजीव अभयारण्यों में स्थानांतरित कर चुका है। प्रशासन ने भालुओं की संख्या और व्यवहार का वैज्ञानिक अध्ययन कराने पर जोर दिया है।

संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने, गौशालाओं के दरवाजे मजबूत करने और बच्चों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में आपात उपचार की व्यवस्था रखने को भी कहा गया है।

प्रशासन ने ग्रामीणों से अकेले आवाजाही न करने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा भालू दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचना देने की अपील की है।

Next Story