हिमाचल प्रदेश

शिक्षकों के आंदोलन पर रोक लगाना दोहरा मापदंड: जयराम ठाकुर

Admindelhi1
10 Nov 2026 3:30 PM IST
शिक्षकों के आंदोलन पर रोक लगाना दोहरा मापदंड: जयराम ठाकुर
x
शिक्षकों को प्रदर्शन से रोकने पर भड़के जयराम ठाकुर, सरकार पर साधा निशाना

शिमला: पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शिक्षकों के प्रस्तावित प्रदर्शन पर रोक लगाने के सरकार के फैसले को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर दोहरे मापदंड अपना रही है। सरकार अपने राजनीतिक कार्यक्रमों और संवैधानिक संस्थाओं के खिलाफ होने वाले प्रदर्शनों को लोकतंत्र की खूबसूरती बताती है, जबकि अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाने वाले शिक्षकों पर प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी कर देती है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने पूरे मंत्रिमंडल के साथ संवैधानिक पदों पर बैठे लोगों के खिलाफ प्रदर्शन और रोड शो करते हैं तो उसे लोकतंत्र की खूबसूरती बताया जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में चुनाव आयोग की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया, आयोग के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लिखे गए और कार्यालय में आग लगाने की धमकियां दी गईं, लेकिन सरकार ने इस पर चुप्पी साधे रखी।

उन्होंने कहा कि जिस चुनाव आयोग की ओर से कराए गए चुनाव में सुखविंदर सिंह सुक्खू मुख्यमंत्री बने, उसी आयोग के खिलाफ प्रदर्शन को लोकतांत्रिक अधिकार बताया जा रहा है। दूसरी ओर, लंबे समय से लंबित मांगों को लेकर शिक्षकों के प्रदर्शन की आशंका मात्र से सरकार प्रतिबंध लगाने का फरमान जारी कर देती है। यह सरकार के दोहरे मापदंड और तानाशाही मानसिकता को दर्शाता है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि झूठी गारंटियों और वादों के सहारे कांग्रेस ने प्रदेश में सत्ता हासिल की है। सरकार को अपनी नाकामियों का एहसास है, इसलिए वह लोगों को विरोध प्रदर्शन करने से रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को समझना चाहिए कि इस तरह के फैसलों से जनता की आवाज दबाई नहीं जा सकती। सरकार को गारंटियां पूरी करनी चाहिए, वादे निभाने चाहिए और प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को उसका हक देना चाहिए।

ऊना के दोहरे हत्याकांड पर जताया दुख

जयराम ठाकुर ने ऊना जिले के दबोली में पति-पत्नी की हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण और हृदयविदारक बताते हुए कहा कि देवभूमि हिमाचल में इस तरह की घटनाओं के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उन्होंने सरकार से हत्याकांड में संलिप्त आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और प्रदेश में कानून व्यवस्था मजबूत बनाने की मांग की।

Next Story