- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- कई इलाकों में हिमस्खलन...
हिमाचल प्रदेश
कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी, जानिए आगामी दिनों में कैसा रहेगा मौसम
Admin4
1 Feb 2023 7:45 AM GMT

x
शिमला। हिमाचल प्रदेश में बर्फबारी के बाद रक्षा भू-सूचना विज्ञान अनुसंधान प्रतिष्ठान (डीजीआरई) ने हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी दी है। जिला आपदा प्रबंधन को इसकी एडवाइजरी जारी की गई है। इसके अलावा मोबाइल पर मैसेज भेजकर भी लोगों को जागरूक किया जा रहा है। डीजीआरई ने अटल टनल के साऊथ और नॉर्थ पोर्टल, मढ़ी-रोहतांग और कोकसर क्षेत्र में हिमस्खलन गिरने की आशंका जताई है। इन क्षेत्रों को हिमस्खलन के लिहाज से असुरक्षित श्रेणी में रखा गया है। डीजीआरई की ओर से जारी की गई एडवाइजरी जारी कर जिला प्रशासन को अलर्ट रहने के लिए कहा गया है।
मंगलवार को अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। हालांकि कई क्षेत्रों में धूप के साथ-साथ बादल छाने का सिलसिला भी जारी रहा। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अब 5 फरवरी तक मौसम साफ रहेगा। इस दौरान बारिश या बर्फबारी के कोई आसार नहीं हैं। बीते दिनों में प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी के बाद न्यूनतम तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ गई है। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 4.0 डिग्री सैल्सियस, कल्पा में -5.0 डिग्री सैल्सियस, केलांग में -8.03 डिग्री सैल्सियस, मनाली में 0.4, कुफरी में 1.5, कुकुमसेरी में -7.6, नारकंडा में -1.0 डिग्री, सोलन में 3.3 डिग्री, बिलासपुर में 5.0, हमीरपुर में 6.2 और डल्हौजी में 1.0 सैल्सियस तापमान दर्ज किया गया है।
बर्फबारी के बाद दूसरे दिन भी राज्य बिजली के कई ट्रांसफार्मर ठीक नहीं हुए हैं और जानकारी के अनुसार प्रदेश में अभी भी 540 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं। जिसके कारण प्रदेश के कई स्थानों पर अभी भी अंधेरा पसरा हुआ है। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार किन्नौर जिले में 196 ट्रांसफार्मर बंद हैं। शिमला जिले में 133, लाहौल-स्पीति में 122, चम्बा में 68, कुल्लू में 11 और मंडी में 10 ट्रांसफार्मर बंद पड़े हुए हैं।
इसके अलावा बर्फबारी के कारण प्रदेश भर में 3 एनएच समेत 357 सड़कें बंद हैं। इन सड़कों के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के लिए संपर्क कट गया है। एचआरटीसी के भी कई रूट अब भी प्रभावित हैं। रिपोर्ट के मुताबिक शिमला जिले में सबसे ज्यादा लाहौल-स्पीति में सबसे ज्यादा 154 सड़कें अभी भी बंद हैं लाहौल-स्पीति में 158, किन्नौर में 73, कुल्लू में 26, चम्बा में 13, कांगड़ा में 2, मंडी में 3 और शिमला में 86 सड़कें बंद हैं।
Next Story