हिमाचल प्रदेश

गोशाल गांव की सामने वाली पहाड़ी में हिमस्खलन, प्रशासन ने लोगों से की ये अपील

Shantanu Roy
22 Jan 2023 12:23 PM GMT
गोशाल गांव की सामने वाली पहाड़ी में हिमस्खलन, प्रशासन ने लोगों से की ये अपील
x
बड़ी खबर
केलांग। जनजातीय क्षेत्र लाहौल में ताजा हिमपात के बाद हिमखंड गिरने लगे हैं। शनिवार सुबह गोशाल गांव के नजदीक सामने वाली पहाड़ी में हिमस्खलन हुआ। हिमस्खलन से बवंडर लगभग 10 मिनट तक उठता रहा, जिसे आसपास बसे गांव के लोगों ने कैमरे में भी कैद किया। इस क्षेत्र में किसी तरह के नुक्सान की अभी तक कोई सूचना नहीं है। सर्दियों में कम हिमपात होना इसका कारण बताया जा रहा है। लाहौल के इतिहासकार मोहन लाल ने बताया कि इससे पहले अक्तूबर, नवम्बर व दिसम्बर में हिमपात होता रहा है। इन महीनों में होने वाला हल्का हिमपात पहाड़ों में टिका रहता था जो ग्लेशियर का रूप लेता था लेकिन कुछ वर्षों से इन महीनों में पर्याप्त बर्फ नहीं गिर रही है, जिस कारण इस तरह की घटनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन की अधिक घटना मार्च व अप्रैल में होती थी लेकिन अब दिसम्बर और जनवरी में होने लगी है। जिला प्रशासन ने घाटी के लोगों से आग्रह किया है कि बर्फबारी के तुरंत बाद मौसम खुलते ही फिलहाल दूरदराज के क्षेत्रों की ओर रुख न करें। डीसी लाहौल-स्पीति सुमित खिमटा ने घाटी के लोगों से अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक आवाजाही न करें।
Next Story