- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- दो अक्टूबर को शिमला...
दो अक्टूबर को शिमला में निकलेगी प्रभात फेरी : अनुपम कश्यप

शिमला: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को शिमला में प्रभात फेरी निकाली जाएगी। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में शनिवार को बैठक हुई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया और प्रभात फेरी के आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि प्रभात फेरी 2 अक्टूबर को सुबह 6 बजे लाल बहादुर शास्त्री चौक, केंद्रीय तारघर से शुरू होगी। यह लोअर बाजार से होते हुए शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट के रास्ते रिज मैदान पहुंचेगी। रिज मैदान पर महात्मा गांधी की प्रतिमा के पास प्रभात फेरी का समापन किया जाएगा।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आयोजन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की जयंती सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्रसेवा के उनके संदेश को याद करने और इन मूल्यों को जीवन में अपनाने का अवसर है।
बैठक में प्रभात फेरी में विभिन्न सरकारी विभागों, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम के दौरान महात्मा गांधी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से उनके विचारों और आदर्शों का संदेश लोगों तक पहुंचाया जाएगा।
उपायुक्त ने जिला के लोगों से प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में हिस्सा लेकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करें और सत्य, अहिंसा तथा स्वच्छता के उनके संदेश को अपनाने का संकल्प लें।





