हिमाचल प्रदेश

नूरपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई, पिकअप से चरस की खेप बरामद

Admindelhi1
17 Oct 2026 5:10 PM IST
नूरपुर में नशे के खिलाफ कार्रवाई, पिकअप से चरस की खेप बरामद
x
एक किलो से ज्यादा चरस के साथ मंडी के दो आरोपी गिरफ्तार

धर्मशाला: पुलिस जिला नूरपुर द्वारा नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए टीम ने शुक्रवार बीती रात्रि एक पिकअप गाड़ी से एक किलो से अधिक चरस की बड़ी खेप बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में गाड़ी में सवार मंडी जिला के दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान एक पिकअप गाड़ी नंबर एचपी-76-2409 बौड बस स्टाप के समीप नूरपुर से पठानकोट की तरफ जाने वाले रास्ते में सड़क के बाएं किनारे खड़ी हुई पाई गई। पुलिस टीम ने जब गाड़ी की तलाशी ली तो तलाशी के दौरान गाड़ी की चालक सीट के नीचे छिपाकर रखी गई एक किलो 12 ग्राम चरस बरामद की गई।

इस मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में किशोरी लाल (35 वर्ष) पुत्र भागीरथ, निवासी गांव बड़ी बजगान, जिला मंडी तथा उत्तम चंद (45 वर्ष) पुत्र हल्कु राम, निवासी गांव बड़ी बजगान, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश शामिल हैं।

पुलिस थाना नूरपुर में आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच जारी है। पुलिस आरोपियों से मामले में पूछताछ कर रही है कि यह चरस की खेप कहां से लाये और किसे बेचने जा रहे थे।

Next Story