हिमाचल प्रदेश

एक हादसे ने उजाड़ दिए छह परिवार, मंडी में छह युवकों की दर्दनाक मौत

Admindelhi1
19 Nov 2026 12:23 PM IST
एक हादसे ने उजाड़ दिए छह परिवार, मंडी में छह युवकों की दर्दनाक मौत
x
लडभड़ोल में बड़ा सड़क हादसा, छह युवकों की मौत से गांवों में पसरा मातम

मंडी: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में छह युवकों की मौत हो गई। जोगिंदरनगर उपमंडल के लडभड़ोल क्षेत्र में मंगलवार रात यह दुर्घटना हुई, लेकिन हादसे की जानकारी बुधवार दोपहर सामने आई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतकों में अधिकतर नाबालिग बताए जा रहे हैं। मृतकों की पहचान यश राय पुत्र रामलाल और आयुष पुत्र विनोद कुमार निवासी सिमस, पंकज पुत्र पराक्रम सिंह और अर्नव पुत्र नरेंद्र कुमार निवासी गवाला, आदित्य पुत्र अजय कुमार निवासी बलोटू तथा नूजू पुत्र नवीन राय निवासी सिमस के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। डीएसपी पधर लोकेन्द्र नेगी ने छह युवकों की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वहीं, मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिवारों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। एक साथ छह युवकों की मौत से लडभड़ोल सहित आसपास के गांवों में मातम पसरा हुआ है।

Next Story