हिमाचल प्रदेश

येलो अलर्ट के बीच प्रदेश भर में धूप खिली ,मौसम खराब रहने के आसार

Tara Tandi
4 April 2024 6:56 AM GMT
येलो अलर्ट के बीच  प्रदेश भर में धूप खिली ,मौसम खराब रहने के आसार
x
हिमाचल : हिमाचल प्रदेश में येलो अलर्ट के बीच बुधवार को प्रदेश भर में धूप खिली। गुरुवार और शुक्रवार को कई क्षेत्रों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। बुधवार को नौ क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री पार दर्ज हुआ। छह अप्रैल से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। लाहौल-स्पीति जिला में अभी भी जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है। जिला में 170 सड़कें और 27 बिजली ट्रांसफार्मर अभी भी ठप हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ कमजोर होने से बुधवार को बारिश और बर्फबारी नहीं हुई।
अब पांच अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ के दोबारा सक्रिय होने का पूर्वानुमान जताया गया है। बुधवार को राजधानी शिमला में हल्के बादल छाए रहने के साथ धूप खिली। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम मिलाजुला बना रहा। मैदानी जिलों में पारा चढ़ने से गर्मी बढ़ गई है। उच्च पर्वतीय जिलों के न्यूनतम तापमान को छोड़कर अन्य क्षेत्रों के पारे में सुधार दर्ज होने से सुबह और शाम के समय मौसम सुहावना हो गया है।
कल्पा, केलांग का न्यूनतम पारा माइनस में
मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 1.6 और कुकुमसेरी में माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश में बीते दिनों हुई बर्फबारी के चलते इस क्षेत्रों के मौसम में अभी भी ठंडक बरकरार है। इसके अलावा मंगलवार रात को कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.2, मनाली में 7.5, नारकंडा में 6.2, रिकांगपिओ में 7.8, मनाली में 7.5, डलहौजी में 10.3, शिमला-सुंदरनगर-ऊना में 10.6, सोलन में 10.0, धर्मशाला में 14.1, नाहन में 14.5, कांगड़ा में 13.1, मंडी में 11.1 और बिलासपुर में 12.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
प्रदेश के प्रमुख स्थानों पर अधिकतम तापमान
ऊना 33.2
धौलाकुआं 32.4
बिलासपुर 31.8
बरठीं 31.7
सुंदरनगर 31.0
कांगड़ा 30.8
चंबा 30.5
मंडी 30.2
नाहन 30.1
भुंतर 28.8
सोलन 28.0
धर्मशाला 27.1
मनाली 22.5
शिमला 22.2
Next Story