- Home
- /
- राज्य
- /
- हिमाचल प्रदेश
- /
- AI और रोबोटिक तकनीक से...
AI और रोबोटिक तकनीक से बढ़ेगी उद्योगों की उत्पादन क्षमता

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के नूरपुर में गुरुवार को विश्व बैंक समर्थित रैंप परियोजना के अंतर्गत स्मार्ट एमएसएमई विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। उद्योग विभाग और सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) की इस पहल का उद्देश्य सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योगों को उद्योग 4.0 की आधुनिक तकनीकों से जोड़ना है।
कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र के विस्तार अधिकारी अर्जुन सिंह और एसडब्ल्यूसीए सदस्य सचिव नितिन शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 40 से अधिक स्थानीय उद्यमियों ने भाग लिया।
तकनीकी सत्र में संजीव शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई), इंटरनेट ऑफ थिंग्स (आईओटी), क्लाउड ईआरपी, ऊर्जा प्रबंधन और रोबोटिक स्वचालन जैसी तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से उत्पादन लागत घटाने, मशीनों की खराबी रोकने, बिजली की खपत नियंत्रित करने और उत्पादों की गुणवत्ता बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है। कार्यशाला के दौरान उद्यमियों को स्मार्ट औद्योगिक तकनीकों का व्यावहारिक प्रदर्शन भी दिखाया गया।





