हिमाचल प्रदेश

कृषि मंत्री ने किया पशु चिकिस्तालय का शिलान्यास, आधा हिमाचल होगा कवर

Admin4
8 Jun 2023 10:51 AM GMT
कृषि मंत्री ने किया पशु चिकिस्तालय का शिलान्यास, आधा हिमाचल होगा कवर
x
हिमाचल। कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने शाहपुर में 1 करोड़ 75 लाख की लागत से बनने वाले पशु चिकित्सालय का शिलान्यास कर भूमिपूजन किया। उन्होंने इसके बाद शाहपुर के गोरडा में जाइका द्वितीय चरण के कार्यालय का उद्घाटन कर इसे क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। इस दौरान शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया भी उपस्थित रहे। कृषि मंत्री ने उद्घाटन-शिलान्यास के उपरांत गोरडा में जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को अपने विभाग से संबंधित विषयों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शाहपुर में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने पशु पॉलिक्लीनिक का उद्घाटन किया था। उन्होंने कहा कि यह संस्थान प्रदेश के पहले पॉलिक्लीनिक में से एक है लेकिन बाद में किसी ने इसके स्तरोन्नयन के लिए किसी ने कोई कदम नहीं उठाया।
कृषि मंत्री ने कहा कि स्थानीय विधायक केवल सिंह पठानिया ने क्षेत्र वासियों की इस मांग को सरकार के समक्ष लाया और आज इस स्थान पर पशु चिकित्सालय का शिलान्यास किया गया। प्रो. चंन्द्र कुमार ने कहा कि तीन मंजिला बनने वाले इस पशु चिकित्सालय में सर्जरी रूम, अल्ट्रासोनोग्राफी रूम, एनेस्थीसिया रूम, माइक्रोबायोलॉजी तथा पैथोलॉजी लैब सहित रोग निदान और निगरानी इकाई भी स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा यहां छोटे और बड़े सभी प्रकार के पशुओं के उपचार के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पशुओं के उपचार के अलावा यहां गंभीर बिमारियों से लड़ने के लिए चिकित्सकों द्वारा शोध भी किया जाएगा, जिसके लिए यहां एक बड़ा सभागार और पुस्तकालय का निर्माण भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि शाहपुर में बनने वाला यह आधुनिक पशु चिकित्सालय लगभग आधे हिमाचल को कवर करेगा। उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त पड़ोसी राज्य के लोग भी अपने पशुओं के रोग निदान और उपचार के लिए यहां की सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस पशु चिकित्सालय के निर्माण के लिए शुरुआत में 1 करोड़ 75 लाख की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कहा कि अगर आवश्यकता पड़ी तो सरकार इसके निर्माण के लिए और अधिक राशि उपलब्ध करवाएगी।
Next Story