हिमाचल प्रदेश

प्रशासन ने किए थे विशेष प्रबंध, स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता ने केक काटकर मनाया 105वां जन्मदिवस

Gulabi Jagat
2 July 2022 12:51 PM GMT
प्रशासन ने किए थे विशेष प्रबंध, स्वतंत्र भारत के पहले मतदाता ने केक काटकर मनाया 105वां जन्मदिवस
x
स्वतंत्र भारत के प्रथम मतदाता श्याम सरन नेगी ने परिवार व जिला प्रशासन किन्नौर के साथ अपना 105वां जन्मदिवस मनाया। उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने जन्मदिवस मनाने के लिए विशेष प्रबंध किए थे। श्याम सरन नेगी ने इस उपलक्ष्य पर केक भी काटा।
उपायुक्त किन्नौर ने प्रथम मतदाता को बधाई दी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु की कामना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, एसडीएम कल्पा डा. मेजर शशांक गुप्ता, जिला परिषद सदस्य कल्पा सरिता कुसान, जिला किन्नौर भारतीय जनता पार्टी के महासचिव यशवंत नेगी, प्रधान ग्राम पंचायत कल्पा सरिता नेगी, नायब तहसीलदार (निर्वाचन) इंद्र सिंह व अन्य उपस्थित थे। मास्टर श्याम सरन नेगी का जन्म पहली जुलाई, 1917 को हुआ।
ऐसे बने देश के पहले मतदाता
देश में 1952 की शुरुआत में पहली बार आम चुनाव हुए थे, लेकिन इस वक्त हिमाचल के जनजातीय इलाकों में बर्फबारी का समय होने के कारण यहां तय वक्त से पांच महीने पहले मतदान करवाया गया था। पेशे से स्कूल मास्टर श्याम सरन नेगी ने 25 अक्टूबर, 1951 को सबसे पहले मतदान किया था। इसके बाद उन्होंने अब तक हुए सभी चुनावों में मतदान किया है। फिर चाहे लोकसभा चुनाव हो, विधानसभा चुनाव हो या पंचायत चुनाव। साल 2007 के बाद चुनाव आयोग की पहल के बाद श्याम सरन नेगी को आधिकारिक रूप से आजाद भारत का पहला मतदाता बताया गया था। तब 13 जून, 2010 को तत्कालीन मुख्य चुनाव आयुक्त नवीन चावला ने दिल्ली से कल्पा पहुंचकर श्याम सरन नेगी से भेंट की थी और उन्हें देश के पहले मतदाता होने पर बधाई दी थी।
किन्नौर के लिए गर्व की बात
उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि देश का पहला मतदाता किन्नौर से है। यह हिमाचल के लिए गर्व की बात है। वह न केवल किन्नौर, प्रदेश बल्कि देश की शान हैं व सभी के लिए प्रेरणास्त्रोत हैं। वह हर चुनाव में मत का प्रयोग करते हैं जो देश के युवाओं के लिए एक बड़ा संदेश भी है।
Next Story