हिमाचल प्रदेश

आप प्रदेशाध्यक्ष ने दिया बयान: कांग्रेस नेता लालच में भाजपा ज्वाइन कर रहे, लोकतंत्र को कमजोर कर रहा दलबदल

Admin Delhi 1
12 July 2022 11:24 AM GMT
आप प्रदेशाध्यक्ष ने दिया बयान: कांग्रेस नेता लालच में भाजपा ज्वाइन कर रहे, लोकतंत्र को कमजोर कर रहा दलबदल
x

शिमला: हिमाचल में जनता सतारूढ़ भाजपा को सत्ता से बाहर करने के लिए बेताब है, आगामी विधानसभा चुनावों में प्रदेशवासी विकास विरोधी सरकार को सत्ता से बाहर कर ही दम लेंगे। ये शब्द आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुरजीत ठाकुर ने नालागढ़ में कहे। श्री ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा के विधायक आम जनता के वोट का सम्मान नहीं करते हैं, खासकर कांग्रेस पार्टी के विधायक जीतकर आते हैं और धन के लालच में बिककर भाजपा में चले जाते हैं। आम जनता कांग्रेस पार्टी को वोट देती है, लेकिन वे विधायक भाजपा के हो जाते हैं और सरकार भाजपा की बन जाती है। देश के लोकतंत्र में विधायकों की बिकवाली का धंधा उचित नहीं है। कांग्रेस विधायकों के बिकने का खेल सिर्फ गोवा में पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले कई प्रदेशों में कांग्रेस के विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं, लेकिन आम आदमी पार्टी जनता के मत का सम्मान करती है।

आप के विधायकों ने कभी पार्टी छोडक़र दूसरी पार्टी को ज्वॉइन नहीं किया है। अब गोवा विधानसभा चुनाव के कुछ महीने बाद ही कांग्रेस के ज्यादातर विधायक बीजेपी में शामिल हो रहे हैं। ऐसा पहली बार नहीं हो रहा, इससे पहले उत्तराखंड, मध्यप्रदेश, मणिपुर, कर्नाटक, अरुणांचल राज्यों में भी चुनाव के बाद कांग्रेस के विधायक बीजेपी ज्वाइन कर चुके हैं। आम आदमी पार्टी जनता के वोट का सम्मान करती है, उनका भरोसा नहीं तोड़ती है। उन्होंने कहा कि दलबदल की लगातार हो रही ऐसी घटनाएं लोकतंत्र को कमजोर कर रही हैं। इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष मुनीष ठाकुर, धर्मपाल चौहान, स्वर्ण सैणी, साहिब सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Next Story